चंडीगढ़। कोरोना के बढ़े मामलों की वजह से पिछले कई हफ्तों से बंद पड़े यूटी प्रशासन के दो प्रमुख विभाग रजिस्टरिंग व लाइसेंसिंग अथॉरिटी (आरएलए) और एस्टेट ऑफिस मंगलवार को खुल गए। आरएलए में पहले दिन 252 लोगों ने अपने रुके हुए काम को पूरा कराया।
दोनों दफ्तरों में बिना अप्वाइंटमेट किसी को भी प्रवेश नहीं दिया गया। एक समय पर लोगों की भीड़ एकत्रित न हो, इसके लिए लोगों के लिए अलग-अलग स्लॉट बनाए गए हैं, जिसके अनुसार ही लोगों को अप्वाइंटमेंट दिए गए थे। पहले दिन आरसी बनवाने और लाइसेंस को रिन्यू कराने के लिए भी 126-126 लोगों को अप्वाइंटमेंट दी गई थी। प्रवेश द्वार पर एक कर्मचारी तैनात किया गया था, जो अप्वाइंटमेंट की जांच कर रहा था। उसके बाद अंदर जाने दिया गया। विभाग की तरफ से दफ्तर के अंदर भी सामाजिक दूरी के नियम का ध्यान रखा गया। अधिकारी भी सक्रिय दिखे और व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे। विभाग ने जिन सेवाओं को फिलहाल के लिए शुरू किया है, उसमें नए वाहनों का रजिस्ट्रेशन, अन्य राज्यों के वाहनों की रजिस्ट्रेशन, वाहनों की एनओसी, आरसी को रिन्यू कराने, इंटरनेशनल ड्राइविंग परमिट, लाइसेंस जारी करने, ड्राइविंग लाइसेंस की एनओसी और ड्राइविंग लाइसेंस रिन्यू करने आदि सेवाएं शामिल हैं। आरएलए की तरफ से रोजाना आरसी और लाइसेंस रिन्यू कराने के लिए 126-126 स्लॉट बुक किए जा रहे हैं लेकिन 29 मई को विंडो खुलने के साथ ही सभी स्लॉट बुक हो गए हैं। लोगों की भी शिकायत है कि चंद मिनटों में स्लॉट फुल हो जा रहे हैं, जिसकी वजह से उन्हें अप्वाइंटमेंट नहीं मिल पा रही है। एस्टेट ऑफिस में फाइल इंस्पेक्शन और ऑफिस मीट के लिए सुबह 11 से 12 बजे का समय निर्धारित किया गया है।