सांसद परनीत कौर और लोक निर्माण मंत्री विजय इंद्र सिंगला ने मंगलवार को पटियाला की छोटी नदी पर 250 लाख की लागत से बने पुल को लोगों को समर्पित किया। परनीत ने कहा कि सन्नौरी अड्डे के लोगों की लंबे समय से छोटी नदी पर नए पुल की मांग आज पूरी हो गई है। इस पुल के बनने से सन्नौर, पहेवा, देवीगढ़, बलबेड़ा, चीका, कैथल जाने वालों को काफी लाभ पहुंचेगा और पटियाला जिले के भी 250 के करीब गांवों का शहर से संपर्क बनेगा।
परनीत ने पटियाला के लोगों को जिला प्रशासन व नगर निगम की ओर से चलाई जा रही प्लास्टिक मुक्त पटियाला मुहिम में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। मंत्री सिंगला ने कहा कि 250 लाख की लागत से बने इस पुल से जहां शहर के आसपास के लोगों को लाभ होगा, वहीं वैसाखी तक बड़ी नदी पर बनाया जा रहा पुल भी प्रदेश के लोगों को समर्पित कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि पीआईडीबी प्रोजेक्ट अधीन बने इस पुल की लंबाई 24 मीटर और चारमार्गी पुल की चौड़ाई 18 मीटर है। उन्होंने बताया सन्नौरी अड्डे और साथ लगते इलाकों के लिए सरकार की ओर से 37 करोड़ की लागत से विकास काम किए जा रहे हैं। जिस तहत 12 किलोमीटर लंबी पटियाला पहेवा सड़क मीरांपुर तक को 13.50 करोड़ की लागत से बनाया गया है। बड़ी नदी पर 3.50 करोड़ की लागत से पुल बनाया जा रहा है, जो वैसाखी तक पूरा कर लिया जाएगा।
मंत्री ने बताया कि बड़ी व छोटी नदी के साथ लगती सड़कों को भी 5.75 करोड़ की लागत से बनाया गया और छोटी व बड़ी नदी के बीच 1.20 करोड़ की लागत से चारमार्गी सड़क का काम भी पूरा होने के नजदीक है। डकाला रोड शीश महल से बाईपास तक करीब पांच किलोमीटर सड़क का काम भी 5.5 करोड़ रुपये की लागत से किया गया और चार किलोमीटर लंबी पटियाला-सन्नौर सड़क को भी पांच करोड़ की लागत से बनाया गया है। मेयर संजीव शर्मा बिट्टू ने बताया कि जल्द ही बड़ी व छोटी नदी के सौंदर्यीकरण का काम भी शुरू होगा।