अब ट्राइसिटी के लोग भी हसीन वादियों के बीच जमीन से करीब 150 फुट ऊंचाई पर बने रिवाल्विंग रेस्तरां में बैठकर डिनर का आनंद उठा सकेंगे।
अमरावती एनक्लेव में शुक्रवार से शुरू होने वाले रिवाल्विंग रेस्तरां ‘आसमां’ की खासियत यह है कि पूरा रेस्तरां 360 डिग्री पर घूम सकता है, जो एक अलग ही अनुभव देगा।
इसे एक चक्कर घूमने में 70 मिनट से तीन घंटे तक का समय लग सकता है और लोग आराम से प्रकृति की एक-एक छटा को निहार सकेंगे।
अमरनाथ अग्रवाल ग्रुप के एमडी कुलभूषण गोयल ने बताया कि ट्राइसिटी में यह पहला रेस्तरां है, जिसमें रेस्तरां के घूमने से कभी शिवालिक की पहाड़ियों का नजारा देखने को मिलेगा तो कभी कौशल्या डैम तो कभी राष्ट्रीय राजमार्ग।
एक रिवाल्व में कम से कम 70 मिनट का समय लगेगा और इसकी रफ्तार को कम या ज्यादा भी किया जा सकता है। यहां एक साथ 150 ग्राहकों के बैठने की व्यवस्था होगी और वैज, नॉनवेज के साथ कई एक्सक्लूसिव डिशेज भी उपलब्ध होंगी।
ग्राहकों की सुविधा का खयाल रखते हुए हाईटेक लिफ्ट भी लगाई गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही बार का लाइसेंस भी मिल जाएगा। उनके साथ क्लार्क इन ग्रुप ऑफ होटल के डायरेक्टर राहुल देव बनर्जी भी मौजूद रहे।
विजांग चाइना कंपनी की है मशीनरी
घूमने वाले रेस्तरां की मशीनरी विश्व प्रसिद्ध कंपनी विजांग चाइना से मंगाई गई है। यह रिवाल्ंिवग रेस्तरां सिंगल शॉफ्ट पर बना है और इस डिजाइन के रिवाल्विंग रेस्तरां देशभर में गिने चुने ही हैं। सुरक्षा के लिहाज से यहां अत्याधुनिक अगिभनशमन यंत्र व अन्य सुरक्षा उपकरण भी लगाए गए हैं।
जहां यह रेस्तरां खुला है, वहीं आइनेक्स मल्टीप्लेक्स भी है और फूड कोर्ट व गेमिंग जोन भी। इसी कैंपस में राजस्थानी फूड के लिए मशहूर चोखी ढाणी भी है। कुल मिलाकर एक ही जगह कई सुविधाएं उपलब्ध है।