पंजाब के कपूरथला जिले में एक सेवानिवृत्त महिला जज ने मंत्री के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। सेवानिवृत्त जज कपूरथला विधानसभा की आम आदमी पार्टी (आप) की प्रभारी हैं। उन्होंने मंत्री पर अपशब्द के इस्तेमाल का आरोप लगाया। वहीं मंत्री ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।
रिटायर्ड जज ने पंजाब के कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत सिंह के खिलाफ थाना सिटी पुलिस को शिकायत दी है। इसमें रिटायर्ड जज ने मंत्री पर दशहरे वाले दिन गलत शब्दावली के इस्तेमाल का आरोप लगाया है। थाना सिटी की पुलिस को दी शिकायत में रिटायर्ड जज मंजू राणा, जोकि आम आदमी पार्टी कपूरथला की हलका इंचार्ज भी हैं, ने बताया कि दशहरे वाले दिन वह अपनी टीम के साथ मौजूद थी। इसी दौरान कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत सिंह आए और अपनी गाड़ी रुकवा कर उनके खिलाफ गलत शब्दावाली इस्तेमाल करने लगे। उन्होंने कार्रवाई के लिए थाना सिटी पुलिस को शिकायत दी है। इस मामले को लगभग 25-30 दिन हो चुके हैं। उधर, राणा गुरजीत सिंह ने इस आरोपों को सिरे से खारिज किया है। थाना सिटी के एसएचओ इंस्पेक्टर गौरव धीर ने कहा कि शिकायत मिली है। जांच की जा रही है।