चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी से इंजीनियर की नौकरी पाने वाले विद्यार्थियों के परिणाम नहीं रुकेंगे। उन्हें प्राथमिकता से पीयू निपटाएगी ताकि विद्यार्थियों की नौकरी पर आंच न आ सके।
पीयू का इंजीनियरिंग विभाग सबसे बड़ा विभाग है। यहां हर साल एक हजार से अधिक विद्यार्थियों को नौकरियां मिलती हैं। कंपनियां आती हैं और साक्षात्कार आदि के जरिए विद्यार्थियों का चयन करती हैं। दो साल से कोरोना के कारण विद्यार्थियों के साक्षात्कार आदि की प्रक्रिया ऑनलाइन हो रही है। हर साल की तरह इस बार भी विद्यार्थियों को नौकरी मिली। हैदराबाद, दिल्ली और मुंबई समेत कई जगहों की कंपनियों ने विद्यार्थियों का चयन किया। एक सेमेस्टर पहले ही यूआईईटी के विद्यार्थियों को प्रशिक्षण पर जाना पड़ता है। साथ ही नौकरी भी करते हैं। आखिरी सेमेस्टर की परीक्षा देने के बाद परिणाम कंपनियां मांगती हैं। इस बार भी कुछ कंपनियों ने पीयू से विद्यार्थियों का परिणाम जल्दी मांगा है ताकि छात्रों को दिक्कत न हो। पीयू ने इस पर साफ कर दिया है कि विद्यार्थियों को परेशानी रिजल्ट को लेकर नहीं होगी। पिछले साल परिणाम लेट मिलने के कारण विद्यार्थियों को कुछ दिक्कतें जरूर आई थीं।