हरियाणा में तीन चरण में संपन्न हुए पंचायत चुनाव तक तो सभी राजनीतिक दलों ने सीधे तौर पर अपना वर्चस्व जताने से परहेज किया था, लेकिन 28 जनवरी को घोषित होने वाले पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव परिणाम प्रदेश की राजनीति में हलचल बढ़ने के आसार है।
इसका अहम कारण यह है कि प्रदेश में करीब दो माह बाद स्थानीय निकाय चुनाव भी होने वाले हैं। चुनाव परिणाम घोषित होते ही सत्तारूढ़ भाजपा के अलावा विपक्षी दल इनेलो और कांग्रेस में विजयी प्रत्याशियों के उनकी पार्टी से संबंधित दिखाने की होड़ मचने की संभावना है।
वीरवार दोपहर तक जिप सदस्यों के चुनाव परिणाम आने उम्मीद है, जिसके तुरंत बाद जिला परिषदों पर कब्जे का अभियान शुरू हो जाएगा।
मतगणना आठ बजे से
इस बीच हरियाणा निर्वाचन आयोग ने वीरवार को मतगणना और चुनाव परिणाम घोषित करने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्य निर्वाचन आयुक्त के अनुसार, मतगणना का काम सुबह 8 बजे शुरू हो जाएगा। दोपहर तक अधिकांश नतीजे आ जाने की उम्मीद है। 21 जिला परिषदों की 416 सदस्य सीटों में से दो पर निर्विरोध निर्वाचन होने के बाद 414 सीटों के लिए मतदान कराया गया है।