हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड का परीक्षा परिणाम बुधवार को जारी कर दिया गया। हालांकि एक बार फिर 10वीं का परिणाम निराशाजनक रहा। 10 कक्षा के प्रथम सेमेस्टर में केवल 35.24 प्रतिशत बच्चे पास हुए जबकि 12वी का परिणाम 56.75 प्रतिशत रहा। इस बार भी छात्रों को पीछे छोड़ते हुए छात्राओं ने एक बार फिर बाजी मारी। वहीं बृहस्पतिवार को 12 बजे के बाद परिणाम वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा।
बोर्ड प्रवक्ता ने बताया कि 10वीं सेमेस्टर परीक्षा सितंबर/अक्तूबर-2015 के नियमित परीक्षार्थियों का परिणाम 35.24 फीसदी रहा है। इस परीक्षा में तीन लाख 31 हजार 225 नियमित परीक्षार्थी रजिस्टर्ड थे।
इनमें से एक लाख 16 हजार 728 पास हुए। कुल परीक्षार्थियों में एक लाख 80 हजार 795 छात्रों ने पेपर दिया, इनमें से केवल 58 हजार 793 पास हुए। वहीं एक लाख 50 हजार 430 छात्राओं ने परीक्षा दी,जिसमें से 57 हजार 935 पास हुई।
इसके अलावा 10वीं परीक्षा के प्राइवेट परीक्षार्थियों का परिणाम और भी निराशाजनक रहा। महज 31.57 प्रतिशत बच्चे पास हुए। परीक्षा में 1,16,259 परीक्षार्थी रजिस्टर्ड थे, जिनमें से 36,704 परीक्षार्थी पास हुए।
12वीं में भी गिरा परिणाम
पिछले साल सालाना इम्तिहान से तुलना करें तो 12वीं का परिणाम भी गिरा है। सालाना परीक्षा में 64.57 प्रतिशत परिणाम रहा था, अब प्रथम सेमेस्टर में 56.75 फीसदी रहा है। 12वीं कक्षा की सेमेस्टर परीक्षा सितंबर/अक्तूबर-2015 में दो लाख 47 हजार 877 बच्चों ने नियमित परीक्षा दी, जिनमें से 1,40,662 परीक्षार्थी पास हुए।
वहीं एक लाख 38 हजार 927 छात्रों में से 68 हजार 995 पास हुए। इनकी उत्तीर्ण प्रतिशतता 49.66 रही। वहीं एक लाख 8 हजार 950 छात्राओं में से 71 हजार 667 पास हुईं। इनकी पास प्रतिशतता 65.78 रही।
प्राइवेट परीक्षार्थियों का परिणाम 38.74 प्रतिशत रहा। इस परीक्षा में 1,08,771 परीक्षार्थी रजिस्टर्ड हुए, जिनमें से 42 हजार 136 परीक्षार्थी पास हुए।