चंडीगढ़। घर-घर से कचरा उठाने वाले वाहनों को पूरे शहर का चक्कर लगाने से बचाने के लिए स्मार्ट सिटी ने काम शुरू कर दिया है। 3 बीआरडी के पास व इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में ट्रांसफर स्टेशन एंड मैटेरियल रिकवरी सेंटर का काम शुरू हो गया है। वहीं, डड्डूमाजरा स्थित सेंटर का काम जल्द शुरू होने वाला है। इन सेंटरों के निर्माण के बाद शहर के सहज सफाई केंद्र भी खत्म हो जाएंगे और लोगों को दुर्गंध से मुक्ति मिलेगी।
सेंटर बनने के बाद शहर भर से कचरा लेकर गाड़ियों को डंपिंग ग्राउंड तक नहीं जाना होगा। कचरा लेकर इन सेंटरों पर गाड़ियां आएंगी, जहां कचरे को अलग-अलग कर एक टैंकरनुमा कैप्सूल में रखा जाएगा। इसके बाद टैंकरनुमा कैप्सूल को बड़ी गाड़ियों के माध्यम से जेपी प्लांट तक ले जाया जाएगा। वहीं, कचरे के कैप्सूल में बंद होने के कारण न तो दुर्गंध फैलेगी और न ही कचरा सड़कों पर गिरेगा। वैसे तो कचरा लेने वाली गाड़ियों में ही गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करके लाने की व्यवस्था है, लेकिन इन सेंटरों पर भी कचरे को अलग-अलग करने की व्यवस्था रहेगी। इसके तहत गीला कचरा वैसे के वैसा ही एक पट्टे के जरिए कैप्सूल में चला जाएगा, लेकिन सूखा कचरा पहले पीछे की ओर जाएगा। वहां उपयोग होने वाले अथवा कबाड़ को अलग कर लिया जाएगा। जो बाद में बेचा जा सकेगा। यह कचरा अलग-अलग होकर ही कैप्सूल में जाएगा। यहां मशीन से दबाव डालकर गीले कचरे को पूरी तरह सुखा दिया जाएगा।