चंडीगढ़। यूके से लौटे सभी 34 यात्रियों की रिपोर्ट नेगेटिव आने से स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली है। 9 से 23 दिसंबर के बीच लौटे 35 यात्रियों में से एक लौट चुका है जबकि बाकी बचे 34 यात्रियों की आरटीपीसीआर जांच कर ली गई है। इसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग ने बचे हुए 9 लोगों की जांच के लिए नमूने लिए थे, जिनकी रिपोर्ट बुधवार सुबह आ गई। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यूके से लौटे सभी 34 लोग होम आइसोलेशन में हैं। स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों की टीम हेल्प डेस्क के जरिए लगातार उनका अपडेट ले रही है। उनमें से किसी में भी कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने उन सभी को निर्देशित किया है कि किसी भी तरह के शारीरिक बदलाव आने पर इसकी सूचना तत्काल डॉक्टरों को दें।