जानकारी के अनुसार, घटना के बाद थाना सिटी कोटकपूरा पुलिस ने मृतक प्रदीप सिंह राजू की पत्नी सिमरन के बयान पर छह अज्ञात आरोपियों पर केस दर्ज किया था और पड़ताल के आधार पर उक्त केस में गैंगस्टर गोल्डी बराड़ समेत चार आरोपियों को नामजद कर लिया है। घटना के कुछ समय बाद ही गोल्डी बराड़ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डालकर हत्या की जिम्मेदारी ले ली थी और दिल्ली के स्पेशल सेल की गिरफ्त में आए तीन आरोपियों ने भी प्राथमिक पूछताछ में खुलासा कर दिया है कि वारदात को गोल्डी बराड़ के इशारे पर ही अंजाम दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक, डेरा अनुयायी की हत्या केस में नामजद चारों आरोपियों में फरीदकोट निवासी दोनों युवकों के घटना में शमूलियत के आरोप हैं, जबकि गोल्डी बराड़ व हरजिंदर सिंह राजू पर साजिश रचने के आरोप हैं। नामजद आरोपियों में से गोल्डी बराड़ तो कनाडा में बैठा है और मोगा निवासी हरजिंदर सिंह राजू भी इन दिनों मोगा पुलिस के पास रिमांड पर है। वह फरीदकोट जेल में बंद था और कुछ समय पहले ही मोगा पुलिस उसे वारंट पर लेकर गई थी, उसे अब जल्द ही फरीदकोट पुलिस लेकर आएगी। इसके अलावा फरीदकोट निवासी दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में रची गई साजिश
जिला पुलिस की पड़ताल के दौरान कई पहलु सामने आए हैं। सूत्रों के मुताबिक, डेरा अनुयायी की हत्या की साजिश रचने की शुरुआत फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल से ही की गई। यहां पर बंद मोगा जिले के गांव मुनावा के रहने वाले हरजिंदर सिंह राजू ने फरीदकोट निवासी दोनों युवकों का गोल्डी बराड़ से संपर्क करवाया था। दोनों में से मनप्रीत सिंह मनी का एक करीबी रिश्तेदार भोला सिंह खालसा भी हत्या के एक मामले में फरीदकोट जेल में बंद है। पुलिस को आशंका है कि भोला सिंह खालसा ने मनी व उसके साथी का हरजिंदर सिंह के साथ संपर्क करवाया होगा, जिसने बाद में उनका गोल्डी बराड़ से संपर्क करवाया।
रिट्ज कार में की गई रेकी, आठ को कोटकपूरा पहुंच गए थे शूटर
उधर, सूत्रों के मुताबिक घटना को अंजाम देने वाले हरियाणा के शूटर आठ नवंबर को ही कोटकपूरा पहुंच गए थे और उस दिन रात के समय किसी स्थान पर खेतों में मोटर वाले कमरे में रुके थे। इसके अलावा घटना से पहले रिट्ज कार के माध्यम से रेकी भी की गई और पुलिस उस कार की भी तलाश कर रही है। हालांकि अभी तक पुलिस जांच में अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि वारदात को अंजाम देने के पीछे कुल कितने आरोपियों की भूमिका है। घटना को 6 आरोपियों ने अंजाम दिया था लेकिन साजिश रचने से लेकर हथियार उपलब्ध करवाने, रेकी करने, आरोपियों को भगाने समेत अन्य भूमिकाएं निभाने वाले आरोपियों की शिनाख्त करने की कोशिशें की जा रही है। इनमें से अभी तक पुलिस ने घटना में शामिल दो युवकों व साजिश रचने के आरोप में गोल्डी बराड़ व हरजिंदर सिंह राजू को ही नामजद किया है।