चंडीगढ़। सेक्टर-18 स्थित गवर्नमेंट प्रिंटिंग प्रेस में वायुसेना का पहला विरासती केंद्र बनाया जा रहा है। यहां लाइट लगाने व फर्श की मेंटीनेंस का काम विभाग की तरफ से अलॉट कर दिया गया है। अब सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग ने एजेंसियों से आवेदन मांगे हैं।
चीफ इंजीनियर सीबी ओझा ने बताया कि बिल्डिंग के रेनोवेशन का काम शुरू होने जा रहा है। काम को विभाग ने अलॉट कर दिया है, जबकि बाकी के काम को भी जल्द ही अलॉट कर काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि 80 लाख रुपये के करीब इस रेनोवेशन पर खर्च किए जाएंगे। प्रेस बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर 15,600 स्क्वॉयर फुट में ये हेरिटेज सेंटर बन रहा है।
एमओयू के अनुसार हेरिटेज सेंटर के रखरखाव का काम प्रशासन देखेगा, जबकि यहां पर सभी तरह का सामान, हथियार व अन्य औजार एयरफोर्स देगा। केंद्र में एयरो इंजन, एयरक्राफ्ट, कियोस्क और अन्य वायुसेना आर्टिफैक्ट्स जिसमें मशीन/फिक्स्चर इत्यादि, वायुसेना की उपलब्धियों और व्यक्तित्वों पर वीडियो, फिल्म सहित पर्याप्त प्रचार सामग्री और लोगों को जानकारी देने के लिए सेना की तरफ से गाइड भी उपलब्ध कराए जाएंगे। बता दें कि 27 अगस्त 2021 को पूर्व प्रशासक वीपी सिंह बदनौर की उपस्थिति में चंडीगढ़ प्रशासन और वायुसेना के बीच इस विरासत केंद्र को बनाने के लिए सहमति बनी थी और तीन जून 2022 को समझौता हुआ था।