देश में अगर बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर मिले तो आने वाले दिनों में इंटरनेशनल स्तर पर भारत टॉप 5 में अपनी जगह बनाने में कामयाब होगा। यह कहना है इंटरनेशनल टेबल टेनिस खिलाड़ी और अर्जुन अवार्ड विजेता शरत कमल अचंता का। वह रविवार को सिटी ब्यूटीफुल में पीएसपीबी इंटर यूनिट टेबल टेनिस टूर्नामेंट में शिरकत करने पहुंचे हैं। इनके साथ भारतीय महिला स्टार मनिका बतरा भी टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पहुंची हैं। बातचीत के दौरान शरत कमल अचंता ने बताया कि वे 14 साल से विदेशों में अभ्यास कर रहे हैं। देश के मुकाबले विदेशों में बेहतरीन टेबल टेनिस हॉल हैं। वहां अधिक मैच खेलने को मिलते हैं। विदेश में अभ्यास करने पर ही मेरे खेल में सुधार हुआ और पदक जीतने में सफल रहा।
शरत ने कहा कि हमारे देश में टैलेंट की कोई कमी नहीं है और अब कमी है तो सुविधाओं की। देश में अगर विदेशों की तरह खेलने की सुविधाएं मिले तो और अधिक युवा इस खेले से जुडे़ंगे और इंटरनेशनल स्तर पर पदकों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी। वहीं, उन्होंने भारतीय खिलाड़ियों की तारीफ करते हुए कहा कि पिछले कुछ साल में खिलाड़ियों ने अपने खेल में काफी सुधार किया है। इसके चलते भारत की रैंकिंग में भी काफी सुधार आया हैं। पहले वर्ल्ड में भारत 24वें स्थान पर आता था। अब रैंकिंग बेहतर हुई है और अब भारत दुनिया में 10वें स्थान पर पहुंच गया है।
लीग से खिलाड़ियों को फायदा
शरत ने कहा कि टेबल टेनिस लीग शुरू होने से खिलाड़ियों की जहां अर्थिक स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है, वहीं विदेशी खिलाड़ियों के साथ जूनियर खिलाड़ियों को खेलने का मौका भी मिल रहा है। लीग में सीनियर और जूनियर खिलाड़ियाें को एक प्लेटफार्म मिल रहा है। जूनियर खिलाड़ी सीनियर से काफी कुछ सीख रहे हैं।
युवा खिलाड़ी आ रहे हैं आगे
शरत ने कहा कि टेबल टेनिस में देश का भविष्य काफी उज्ज्वल है। सीनियर खिलाड़ियों द्वारा इंटरनेशनल स्तर पर मेडल जीतने के कारण युवा खिलाड़ी भी इस खेल में उभर रहे हैं। पिछले 4-5 साल में मोनिका, मानव कक्कड़, सत्यम तथा करन जैसे कई इंटरनेशनल स्तर पर खिलाड़ी उभरकर आ रहे हैं।
अब अगला टारगेट ओलंपिक
शरत ने कहा कि अब मेरा अगला टारगेट ओलंपिक 2020 में पदक जीतता है। इससे पहले दो इंटरनेशनल मुकाबले होने हैं। इसके जरिए अपनी रैंकिंग में सुधार करना चाहता हूं। पहला टूर्नामेंट मार्च में और उसके बाद अप्रैल में वर्ल्ड कप होना है। इसकेलिए रोजाना कई घंटे अभ्यास कर रहा हूं।