चंडीगढ़। शहर में धार्मिक स्थल भारी भरकम बिजली के बिलों से त्रस्त हैं। धार्मिक संस्थाएं सिर्फ श्रद्धालुओं के दान पर ही निर्भर हैं। इसलिए धार्मिक संस्थाओं को सोलर पैनल लगवाने के लिए सब्सिडी का प्रावधान करना चाहिए। श्री सनातन धर्म मंदिर सभा सेक्टर-27 के अध्यक्ष हरभूषण गुलाटी ने शनिवार को मंदिर में प्रेसवार्ता के दौरान यह कहा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश में सौर ऊर्जा को अधिकाधिक बढ़ावा देने के मिशन में जुटे हुए हैं। चंडीगढ़ प्रशासन का भी लक्ष्य शहर को 100 प्रतिशत अक्षय ऊर्जा से भरपूर करना है। धार्मिक संस्थाओं को इस मिशन से जोड़े बिना ये लक्ष्य हासिल करना असंभव है। इसलिए सब्सिडी दी जानी जरूरी है।
उन्होंने कहा कि वे जल्द ही शहर के सभी धार्मिक स्थलों के संचालकों एवं हिन्दू पर्व महासभा से संपर्क करेंगे व इस मुद्दे पर एकजुट होकर चंडीगढ़ के प्रशासक से भेंट करके सब्सिडी की मांग उठाएंगे।
इस अवसर पर चंडीगढ़ व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजीव चड्ढा व हिमाचल महासभा के अध्यक्ष पृथी सिंह प्रजापति ने भी इस मांग को सही करार दिया। मंदिर सभा के महासचिव संजीव शर्मा ने कहा कि सभा ने वर्ष 2020 में कोरोना काल के दौरान मजदूरों एवं जरूरतमंद वर्ग के लोगों के लिए हर रोज लंगर शुरू किया था। अब जल्द ही तीनों समय लंगर की व्यवस्था होगी।