चंडीगढ़। तेरा साथ है कितना प्यारा.. कम लगता है जीवन सारा.. गीत के ये बोल इन दिनों बिलकुल फिट बैठ रहे हैं। पति-पत्नी मिलजुलकर कार्य निपटा रहे हैं। चाहे योग करना हो, संगीत सीखना हो या किचन, एक दूसरे को सहयोग कर रहे हैं। यहां तक कि बच्चे भी उनका काम में हाथ बंटा रहे हैं।
और मजबूत हुआ हमारा प्यार
पूनम जीएमसीएच में कार्यरत हैं और विपिन कॉलेज के शिक्षक हैं। उन्होंने कहा, लॉकडाउन ने हमें अपने बच्चों के साथ बिताने के लिए कुछ खास समय तो मिला है। अब जब बच्चे सारा दिन हमारे साथ समय बिता रहे हैं तो हमारी बातों को ठीक से समझ पा रहे हैं, घर के कामकाज में भी हाथ बंटाने की कोशिश करते हैं। हम इस मुश्किल घड़ी को खुशी से बिताने का प्रयास करते हैं। परिवार में प्यार और मजबूत हुआ है।
-पूनम एवं विपिन खुराना
मेरे पति मेरे सबसे अच्छे दोस्त
मेरे पति और मैं एक टीम हैं। वह मुझ पर निर्भर हैं और मैं उन पर निर्भर हूं। हम एक-दूसरे का साथ देते हैं। इस तरह ही शादी चलनी चाहिए। मेरे पति सबसे अच्छे दोस्त, सबसे बड़ा सहारा और मेरी सबसे बड़ी सहूलियत है।
मनोज और रश्मि
साथ-साथ निपटाते हैं हर कार्य
इस समय पूरी दुनिया कोरोना वायरस से प्रभावित है। सब जगह लाकडाउन का माहौल है। मैं और मेरे पति घर के सभी काम एक साथ करते हैं। इससे काम भी जल्दी खत्म हो जाता है और मुझे ज्यादा थकान भी नहीं होती है।
-कविता किंगरा और हरीश किंगरा
ये रिश्ता अनमोल.. हर काम में बढ़ाते हैं एक दूसरे का हाथ
समय के साथ जीवन में बदलाव होते रहते हैं। यह समय का संकट है। इस घड़ी में हम एक-दूसरे की हर चीज में मदद कर रहे हैं। चाहे गार्डनिंग हो या किचन.. एक दूसरे का हाथ बंटाते हैं। बच्चों के साथ भी ज्यादा टाइम बिताते हैं।
-संजीव शारदा और ममता शारदा