शिक्षा निदेशक रूबिन्दरजीत सिंह बराड़ ने बताया कि 2 नवंबर से नौवीं से बारहवीं तक की रेगुलर कक्षाएं शुरू हो रही हैं। स्कूलों ने इसे लेकर तैयारियां भी कर ली हैं। विभाग ने इसके लिए टीम तैयार की है । सोशल मीडिया पर अगर स्कूल बंद रहने की कोई खबर वायरल हो रही है तो वह सूचना गलत है।
विद्यार्थियों को भेज दिया है समय
नौवीं से बारहवीं तक के सभी विद्यार्थियों को हमने उनके स्कूल आने का समय भेज दिया है। इसके साथ ही उन्हें स्कूल आने के लिए निर्धारित नियम भी बताए गए हैं। पहले विद्यार्थियों को प्रतिदिन अभिभावकों की अनुमति लेकर स्कूल आना पड़ता था। अभी निर्देशों के अनुसार हफ्ते में सिर्फ सोमवार को विद्यार्थियों को अनुमति पत्र दिखाना होगा। - दविंदर सिंह, प्रधानाचार्य , जीएमएसएसएस-35
स्कूल पंचकूला और मोरनी की भी पढ़ रहीं छात्राएं
शुक्रवार तक नौंवी से बारहवीं कक्षा में 25 से 30 छात्राएं ही स्कूल आ रही थी। छात्राओं को बोला गया है कि सोमवार से रेगुलर कक्षाएं शुरू हो रही हैं। स्कूल की तरफ से ज्यादा से ज्यादा छात्राओं को अभिभावकों की अनुमति के साथ स्कूल आने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। शहर के स्कूलों में मोरनी-पंचकूला की भी छात्राएं पढ़ रही हैं। इतनी दूर स्कूल आने में विद्यार्थी थोड़ा डर रहे हैं। - राजबाला बेनीवाल, प्रधानाचार्य , जीजीएमएसएसएस-18
निजी स्कूल अभी बंद रहेंगे
निजी स्कूलों में अभी सिर्फ दसवीं और बारहवीं बोर्ड के चुनिंदा विद्यार्थी स्कूल आ रहे हैं। ये विद्यार्थी बोर्ड प्रैक्टिकल और प्री बोर्ड की तैयारियों के लिए अभिभावकों की अनुमति के साथ ही स्कूल आ रहे हैं। वहीं रेगुलर स्कूल भेजने के अभिभावकों से स्कूलों ने दोबारा राय मांगी है। दिवाली के बाद कोविड केसों की संख्या का जायजा लेने के बाद ही निजी स्कूल सभी विद्यार्थियों को रेगुलर कक्षा के लिए बुलाने पर कोई फैसला लेंगे।