शनिवार दोपहर डीसी रामबीर ने सिविल अस्पताल, नगर निगम, रोडवेज समेत अन्य विभागों को पत्र जारी कर रेड अलर्ट की स्थिति में उनकी ड्यूटियां बताई और स्टैंडबाइ पर रखा है। उक्त विभागों को आपात स्थिति से निपटने के लिए निर्देश जारी किए गए हैं।
इसके अलावा पठानकोट तहसीलदार, नायब तहसीलदार, धारकलां तहसीलदार और नायब तहसीलदार को उनके कार्यक्षेत्र का ड्यूटी मजिस्ट्रेट लगाया है। डीसी ने निगम कमिश्नर को फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को तैयार रखने, सिविल सर्जन को एंबुलेंस और डॉक्टरी टीम के अलावा ट्रामा में तैयारी रखने को कहा है।
इसके अलावा सिविल सर्जन को निर्देश दिए हैं कि जिले भर के अस्पताल आपात स्थिति के लिए तैयार रहें। वहीं एसएसपी को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने और रोडवेज डिपो मैनेजर को विकवरी वैनों को तैयार करने के आदेश दिए हैं। डीसी ने पत्र में कहा कि अगर रोडवेज के पास रिकवरी वैन नहीं हैं तो मार्केट से किराए पर ली जाएं। उन्होंने कहा कि आपात स्थिति में हर विभाग अपने स्तर पर उपयुक्त प्रबंध करें।
रामलीला क्लब पदाधिकारियों के साथ डीएसपी ने की बैठक
जिला भर में बिगड़े हालातों के चलते डीएसपी सिटी राजिंद्र मन्हास ने जिला की समस्त रामलीला क्लब के पदाधिकारियों के साथ बैठक की और उन्हें अतिरिक्त एहतियात बरतने की सलाह दी गई। वहीं भारत-पाक सीमा से सटे कस्बा बमियाल में पुलिस ने सरहदी निवासियों से बैठक कर किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति पर नजर रखने को कहा।
पठानकोट में रेड अलर्ट जारी किया गया है। पुलिस हर स्थिति से निपटने को तैयार है। हमारे पास जरूरत अनुसार फोर्स है, नाकों पर बख्तरबंद गाड़ियां तैनात की गई हैं और पेट्रोलिंग पर भी जवानों की संख्या बढ़ाई गई है- राजिंद्र मन्हास, डीएसपी सिटी