यौन उत्पीड़न प्रकरण में मुख्य गवाह पर हमले के मामले में नारायण साईं की नियमित जमानत की मांग पर हाईकोर्ट ने ट्रायल कोर्ट का रिकॉर्ड समन कर लिया है। इस मामले मे अगली सुनवाई 7 फरवरी को होगी।
पिछली सुनवाई पर नारायण साईं के वकील के पेश न होने पर हाईकोर्ट ने पूरा रिकार्ड तुंरत ट्रायल कोर्ट पानीपत को वापस भेजते हुए कोर्ट को छूट दी थी कि वह कानून के हिसाब से मामले पर निर्णय ले सकता है। लेकिन हाईकोर्ट ने अब दोबारा पानीपत ट्रायल कोर्ट का रिकार्ड समन कर लिया है। अभियोजन पक्ष के अनुसार आसाराम के बेटे नारायण साईं ने दो बहनों का यौन शोषण किया था।
इस मामले में पानीपत निवासी महेंद्र चावला को मुख्य गवाह बनाया गया था। हरियाणा पुलिस ने चावला को सुरक्षा भी मुहैया करवाई थी। इस दौरान पिछले साल 13 मई को बाइक सवार दो अज्ञात युवक चावला के घर में घुस गए और फायरिंग कर फरार हो गए। घायल महेंद्र चावला को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस को दिए बयान में चावला ने आसाराम और उनके बेटे नारायण साईं के खिलाफ हमला करवाने का आरोप लगाया। उसने कहा कि बाप व बेटा नहीं चाहते कि वह उनके खिलाफ कोर्ट में गवाही दे। इसी मामले में याचिका दाखिल करते हुए नारायण साईं ने कहा कि यौन उत्पीड़ऩ मामले में गवाह महेंद्र चावला पर हमले के मामले में उन्हें फंसाया गया है। उनका कोई लेना-देना नहीं है। इसलिए उन्हें रेगुलर बेल दी जाए।