कांग्रेस में चल रही गुटबाजी और पलवल के विधायक करण दलाल की प्रेसवार्ता के बाद प्रदेश के राजनीति की तस्वीर बदलती नजर आ रही है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा के समधी व विधायक ने जहां एक ओर से कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की बढ़ती प्रॉपर्टी को लेकर पत्रकार वार्ता की वहीं दूसरी ओर रोहतक के तिलियार झील में एक बंद कमरे में 40 मिनट की गुफ्तगू ने काफी संदेश दिया। इस मुलाकात से कयास लगाए जा रहे हैं कि हरियाणा की राजनीति में कोई बड़ा उल्टफेर हो सकता है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद कहा जा रहा था कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पार्टी पर दबाव बना रहे हैं। जबकि उन्होंने इससे इनकार किया था। वीरवार को पूर्व मुख्यमंत्री के समधी पलवल से विधायक करण सिंह दल के घर ईडी ने छापेमारी की। जिसके बाद उन्होंने आज अपनी ही पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा रोहतक में थे। वह बाबा मस्तनाथ मठ में बाबा बालकनाथ के गद्दीनशीन होने के कार्यक्रम में पहुंचे थे।
इस दौरान वह रामदेव के बगल में ही दिखे। अपने संबोधन के दौरान उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों का उल्लेख करते हुए अपने को उनका बेहद करीबी भी बताया। एक बजे के बाद उनका काफिला बाबा मस्तनाथ मठ से बाहर निकला। जिसके बाद सभी लोग तिलियार झील पहुंचे। जहां पर लोगों ने चाय पी। बताया जा रहा है कि इस दौरान वहां पर बीकानेर से सांसद व केंद्र में मंत्री अर्जुन मेघवाल, केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत और टोंक से सांसद सुखबीर जौनपुरिया मौजूद रहे।