बीजेपी में फूट का नया वाकया सामने आया है। अपने कार्यक्रम में मंत्री की बात किए जाने पर सांसद भड़क गए तो मंत्री ने भी पलटवार करते हुए तीखी बात कह दी। मामला हरियाणा भाजपा का है। अंबाला के सांसद रतन लाल कटारिया और विधायक एवं मंत्री अनिल विज के बीच तल्खी चल रही है।
अपने एक कार्यक्रम के दौरान अनिज विज की बात किए जाने पर सांसद कटारिया भड़क गए और टिप्पणी कर दी। इसका जवाब देते हुए अनिल विज ने उन पर अप्रत्यक्ष रूप से वार करते हुए कहा कि ‘कसाइयों के कहने से कभी भैंसें नहीं मरतीं...’ उनके प्रति जिसने जो साजिशें रचनी हैं, वे रचते रहें। उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता है। बता दें कि सांसद के बयान का वीडियो भी वायरल हुआ था।
कुछ बात है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी
सेहत मंत्री विज ने अपनी बात प्रख्यात शायर इकबाल के एक शेर को उद्धृत करते हुए कुछ यूं कही- ‘कुछ बात है कि हस्ती मिटती नहीं हमारी, सदियों रहा है दुश्मन दौरे जमाना हमारा। विज ने कहा कि सांसद महोदय हमारे माननीय हैं।
मेरे पास ये वीडियो कहीं से आया था, इसलिए मैंने अपने चाहने वालों के साथ इसे शेयर किया है। मैं अपनी हर बात अपने चाहने वालों से शेयर करता हूं, इसलिए ये भी शेयर कर दिया।
विज ने कहा, मुझे मिटाने व हराने की कई बार कोशिशें हुईं और होती रहेंगी, लेकिन जब तक जनता का प्यार और उनकी दुआएं मेरे साथ हैं, तब तक तो मेरी हस्ती नहीं मिटेगी।
उन्होंने कहा कि कसाइयों के कहने से कभी भैंसें नहीं मरतीं...। उनके प्रति जिसने जो साजिशें रचनी हैं, वे रचते रहें। उन्हे कोई फर्क नहीं पड़ता। हाईकमान को कटारिया की शिकायत करने के मामले में विज ने कहा कि ये सब पार्टी की अंदरूनी बातें हैं।
दो माह पूर्व ये बोला था कटारिया ने
जुलाई में एक कार्यक्रम के दौरान सेहत मंत्री अनिल विज के बारे में पूछने पर सांसद रतन लाल कटारिया एकदम भड़क गए। उन्होंने सार्वजनिक रूप से कहा, ‘एक बात है, मेरे हाथ भी घिस गए आपके आगे हाथ जोड़-जोड़कर, क्या मेरे किसी कार्यक्रम में विज की बात किए बिना मेरा कोई कार्यक्रम पूरा नहीं होता?
मैं रतन लाल कटारिया ऑन ओथ आज ये कहता हूं कि जो मेरे सामने, मेरे हर कार्यक्रम में अनिल विज की बात करते हैं, मेरा मानना है कि वे अंबाला लोकसभा के विकास के हितैषी किसी कीमत पर नहीं हैं...नहीं हैं...नहीं हैं...।’ विज ने मंगलवार को इसी वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है।
विज की ऐसी हरकतों से मुझे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला। केंद्र से जो जवाब मांगा जाएगा, वो देने के लिए वह तैयार हैं। मैं विज की किसी भी हरकत पर ज्यादा बात करना नहीं चाहता।
- रतनलाल कटारिया, सांसद अंबाला
यहां क्लिक करके सुनिए सांसद के बोल