फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कैसे होंगी महिलाएं सुरक्षित: महिला आयोग उपाध्यक्ष ने फोन कर मांगी मदद तो 48 मिनट बाद पहुंची टीम

Fri, 03 Jan 2020 12:46 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, हिसार (हरियाणा)
विज्ञापन
महिला आयोग की उपाध्यक्ष प्रीति भारद्वाज - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

हिसार जिले में दुर्गा शक्ति की टीम का 16 हजार मोबाइल में एप डाउनलोड करवाने और एप के माध्यम से फोन कर मदद मांगने पर 20 मिनट में पहुंचने का दावा गुरुवार को उस समय फेल हो गया, जब हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष प्रीति भारद्वाज ने इसकी असलियत जानने के लिए एप के माध्यम से फोन कर मदद मांगी। 

विज्ञापन


उनके फोन करने के 48 मिनट बाद दुर्गा शक्ति की गाड़ी पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में पहुंची। खास बात तो यह रही कि गाड़ी रेस्ट हाउस तो पहुंची लेकिन उसमें कोई महिला पुलिस कर्मचारी नहीं थी। इस पर वे दुर्गा शक्ति टीम और उनकी इंचार्ज पर खासी खफा हुईं और इसकी शिकायत डीजीपी और आईजी को करने की बात कही। इससे पहले उपाध्यक्ष ने दो थानों का निरीक्षण किया। 

उपाध्यक्ष प्रीति भारद्वाज गुरुवार को दोपहर बाद अचानक हिसार पहुंचीं और शहर थाने का निरीक्षण किया। इसके बाद महिला थाने का भी निरीक्षण कर वहां मौजूद शिकायतकर्ताओं से बातचीत की। इस दौरान महिला थाना पुलिस की ओर से थाने में आने वाली कई परेशानियों के बारे में भी उनसे बात की। महिला थाने में शिकायत लेकर आई महिलाओं से उपाध्यक्ष ने पुलिस के व्यवहार के संबंध में उनसे फीडबैक लिया।
विज्ञापन


इस तरह किया रियलिटी चेक

  • पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पहुंचकर उपाध्यक्ष प्रीति भारद्वाज ने शाम चार बजे मीडिया की मौजूदगी में दुर्गा शक्ति एप का रियलिटी चेक किया। उन्होंने एप को अपने फोन में इंस्टॉल किया। 
  • 4:02 बजे एप के माध्यम से फोन किया और मदद मांगी। यह कॉल हिसार दुर्गा शक्ति के स्थान पर पंचकूला कार्यालय में पहुंची लेकिन मदद के लिए कोई जवाब नहीं मिला।
  • 4:09 बजे पंचकूला से फोन आया और पूछा गया कि दुर्गा शक्ति टीम उनके पास पहुंच चुकी है या नहीं।
  • 4:10 बजे पंचकूला से फिर फोन आया और उनका नाम और पति का नाम पूछा गया।
  • 4:24 बजे पंचकूला से एक बार फिर कॉल आई, जिसमें लोकेशन पूछी गई।
  • 4:27 बजे पीएलए चौकी से दो पुलिसकर्मी बाइक पर पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पहुंचे।
  • 4:50 बजे दुर्गा शक्ति की गाड़ी पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पहुंची, गाड़ी में 4-5 पुरुष कर्मी थे लेकिन कोई महिला कर्मी नहीं थी।
  • 4:59 बजे सूचना मिलने पर दुर्गा शक्ति इंचार्ज इंस्पेक्टर सरोज पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पहुंचीं।
विज्ञापन

20 मिनट पहले ही छोड़कर गई थी गाड़ी

आश्चर्यजनक बात यह है कि पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस पहुंचने के 20 मिनट पूर्व दुर्गा शक्ति की गाड़ी पायलट के रूप में उपाध्यक्ष प्रीति भारद्वाज को रेस्ट हाउस में छोड़कर गई थी। इसके बावजूद एप से फोन करने के बावजूद उनके पास दुर्गा शक्ति की मदद 48 मिनट बाद पहुंची, जिस पर प्रीति भारद्वाज ने नाराजगी जताई।
  • जिले में महिलाओं के 16 हजार मोबाइल में यह एप इंस्टॉल है। किसी भी संकट की स्थिति में मदद मांगे जाने पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उन्हें सहायता उपलब्ध करवाई जाती है। जब हमारे पास सूचना पहुंची तो हम तुरंत लोकेशन पर पहुंच गए। - इंस्पेक्टर सरोज, इंचार्ज, दुर्गा शक्ति टीम, हिसार
 
  • दुर्गा शक्ति एप के माध्यम से फोन किया तो कॉल हिसार दुर्गा शक्ति को मिलनी चाहिए थी लेकिन फोन पंचकूला गया। वहां से सूचना हिसार आने में समय व्यर्थ हुआ, इसलिए जिस लोकेशन से फोन किया जाए, उसी जगह के पास में ही दुर्गा शक्ति को फोन जाना चाहिए, ताकि दुर्गा शक्ति टीम समय पर मदद को पहुंच सके। इस बारे में डीजीपी और आईजी से बात करूंगी। - प्रीति भारद्वाज, उपाध्यक्ष, हरियाणा राज्य महिला आयोग
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें