रियल एस्टेट रेगुलेटरी एक्ट (रेरा) चंडीगढ़ में भी लागू हो सकता है। केंद्रीय राज्यमंत्री हरदीप सिंह पुरी के नेतृत्व में शनिवार को हुई बैठक में इस पर विचार किया गया। इसमें दिल्ली में लागू रेरा को स्टडी कर शहर में लागू करवाने की मंजूरी गृह मंत्रालय से लेने की बात कही गई।
रेरा के लागू होने के बाद कोई भी बिल्डर आवंटी के साथ धोखा नहीं कर सकता।
बैठक में केंद्रीय राज्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे कामों की जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि वह तीन माह बाद फिर से स्मार्ट सिटी के तहत चल रहे प्रोजेक्टों का रिव्यू करने आएंगे। मालूम हो कि शहर में बनने वाले हाउसिंग प्रोजेक्ट पर रेरा लागू किया जाएगा। रेरा लागू होने के बाद हर बिल्डर को समय पर प्रोजेक्ट पूरा करना होगा। मालूम हो कि चंडीगढ़ में हाउसिंग बोर्ड ही है जो कि हाउसिंग प्रोजेक्ट बनाती है।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इंप्लाइज हाउसिंग स्कीम के लिए केंद्र सरकार पुराने रेट पर जमीन नहीं दे रही है। इस पर केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों को दिल्ली आकर बात करने को कहा। मालूम हो कि अब तक स्मार्ट सिटी को लागू करने वाली टीम का गठन भी नहीं हो पा रहा है सिर्फ स्पेशल व्हीकल पर्पज का ही गठन हुआ है।