चंडीगढ़। लॉकडाउन की स्थिति में युवाओं की सहायता के लिए सेक्टर-35 स्थित रीजनल सेंटर फॉर एंटरप्रीन्योरशिप डेवलपमेंट (आरसीईडी) ने फ्री ऑनलाइन कोर्स और प्रशिक्षण सेशन शुरू किया है। इंटरव्यू में सहायता के लिए युवाओं को अंग्रेजी बोलने की कला भी ऑनलाइन सिखाने की योजना बन रही है। आरसीईडी ने विभिन्न तरीकों से लोगों की मदद के लिए कई कदम उठाए हैं। संस्थान के कर्मचारी कोरोना से पीड़ितों को राहत देने के लिए एक दिन का वेतन भी दान कर रहे हैं।
आरसीईडी के डायरेक्टर परमजीत सिंह ने कहा कि मानवता की भलाई के लिए इस समय अपने कर्तव्यों का पालन करना बहुत आवश्यक है। इसलिए उनके कर्मचारी जरूरतमंदों को लंगर बांटने के लिए गुरुद्वारों में सेवा भी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह दस-दस विद्यार्थियों के बैच शुरू करेंगे। जैसे ही दस बच्चों के आवेदन आ जाएंगे, वह बैच शुरू कर देंगे। युवाओं को उनके भविष्य की प्लानिंग में सहायता करने के लिए वह हर परस्थिति में तत्पर रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह चुनौतीपूर्ण समय है, लेकिन वह अपनी सेवाओं को जारी रखेंगे। साथ ही उन्होंने लॉकडाउन की अवधि तक घर में रहने और काम से बाहर निकलने पर मास्क लगाने की अपील भी की।