चंडीगढ़। कुमार निशांत के अर्धशतक और रहमत उल्लाह की 102 गेंदों पर खेली गई 21 रनों की पारी ने बिहार को मेजबान चंडीगढ़ के खिलाफ खेले गए रणजी ट्रॉफी मैच को ड्रा करवाने में सफलता मिली। सेक्टर-16 स्थित क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच के आखिरी दिन चंडीगढ़ के गेंदबाज खराब रोशनी का शिकार हुए और इसके चलते मैच 11 ओवर पहले ही खत्म घोषित करना पड़ा। जिस समय खेल रोका गया उस समय चंडीगढ़ को जीत के लिए 4 विकेट की जरूरत थी। ड्रा मैच में मेजबान चंडीगढ़ को पहली पारी की बढ़त के चलते तीन अंक मिले, वहीं बिहार की टीम को 1 अंक से संतोष करना पड़ा।
इससे पहले बिहार ने शुक्रवार को अपनी बिना विकेट खोए कल की पारी को आगे खेलना शुरू किया तो सलामी बल्लेबाज इंद्रजीत कुमार और कुमार निशांत ने 101 रनों की सधी हुई सांझेदारी निभाई। इसके बाद 24वें ओवर में गुरिंदर सिंह ने इंद्रजीत को 44 रनों पर एलबीडब्ल्यू आउट कर बिहार को पहला झटका दिया। 6 ओवर के बाद ही एक बार फिर से गुरिंदर सिंह ने शशि राठौड (0) के रुप में एक ओर विकेट चटकाया जिसके बाद उन्होंने खतरनाक दिख रहे कुमार निशांत को 70 रनों पर आउट किया। इस समय बिहार का स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 127 रन था। रमन बिश्नोई ने बबुल कुमार को 21 के निजी स्कोर पर आउट किया, परन्तु दूसरे छोर पर रहमत उल्लाह पारी संभालते रहे। जसकरनदीप सिंह ने मैच में उस समय रोमांच पैदा कर दिया जब उन्होंने अपने स्पैल में दो विकेट चटकाए।
पहले उन्होंने विकेटकीपर बल्लेबाज विकाश रंजन को 5 रन और उसके बाद कप्तान आशुतोष अमन को 3 के निजी स्कोर पर चलता किया। इसकेबावजूद चंडीगढ़ का कोई अन्य गेंदबाज रहमत उल्लाह को आउट करने में सफल नहीं रहा। चंडीगढ को जब मैच जीतने के लिए मात्र 4 विकेट चटकाने थे तो खराब रोशनी ने खलल डाला। जिसके बाद मैच अधिकारियों ने कुछ देर बाद मैच ड्रा घोषित कर दिया। गुरिंदर सिंह ने 68 रन देकर 3 विकेट चटकाए, जबकि जसकरनदीप सिंह ने दो विकेट लिए। रमन बिश्नोई को एक ही विकेट से संतोष करना पड़ा।