Rahul Gandi & Captain Amarinder Singh
- फोटो : File Photo
पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बिजली एवं सिंचाई मंत्री राणा गुरजीत सिंह का इस्तीफा मंजूर कर लिया है। साथ ही उन्होंने राणा गुरजीत सिंह को दिए गए विभाग बिजली और सिंचाई का कार्यभार अपने हाथ में ले लिया है। राणा गुरजीत सिंह ने बीते चार जनवरी को मुख्यमंत्री को अपना इस्तीफा भेजा था, जिसे अस्वीकार करते हुए मुख्यमंत्री ने अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान पर छोड़ दिया था।
वीरवार को नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ हुई बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से बातचीत में राणा गुरजीत सिंह का इस्तीफा स्वीकार कर लिए जाने की जानकारी दी। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि कैबिनेट मंत्री राणा गुरजीत द्वारा 10 दिन पहले दिए इस्तीफे के मामले पर वीरवार को राहुल गांधी के साथ विचार-विमर्श के बाद उसे मंजूर करने का फैसला लिया गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अगली आवश्यक कार्रवाई के लिए राणा गुरजीत सिंह का इस्तीफा अब राज्यपाल को भेज दिया जाएगा। राणा गुरजीत ने रेत खड्डों की नीलामी में धांधली के आरोपों को आधार बनाते हुए चार जनवरी को मुख्यमंत्री को अपना इस्तीफा भेज दिया था। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बताया कि मंत्रिमंडल का विस्तार लुधियाना नगर निगम चुनाव के बाद किया जाएगा। उन्होंने पत्रकारों को बताया कि मंत्रिमंडल के विस्तार के लिए पहले की तरह अब भी नए मंत्रियों के चयन के लिए नौजवान और हुनर को प्रमुखता दी जाएगी।
एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी के साथ कांग्रेस की पंजाब इकाई के पुनर्गठन के मामले पर भी विचार-विमर्श किया गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव के मद्देनजर जल्दी ही पार्टी का पुनर्गठन किया जाएगा।