जीरकपुर। सामाजिक सेवा और मानवता की भावना को समर्पित एक सराहनीय पहल के तहत श्री राम सेवा संघ के संस्थापक संजीव खन्ना ने रविवार को श्री राम रसोई का शुभारंभ किया। रसोई की शुरुआत पूजा-अर्चना और ‘सरबत के भले’ की अरदास से की गई। संजीव खन्ना ने बताया कि श्री राम रसोई का उद्देश्य क्षेत्र में जरूरतमंद लोगों को सस्ता और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि यह रसोई प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक खुलेगी।
यहां हर व्यक्ति को मात्र 20 रुपये में भरपेट खाना मिलेगा। उन्होंने बताया कि जो लोग आर्थिक रूप से इतने भी सक्षम नहीं हैं कि 20 रुपए दे सकें, उनके लिए भोजन पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। खन्ना ने कहा कि देखा गया है कि किसी परिवार में अचानक किसी सदस्य की मृत्यु होने पर घर में खाना बनाने की स्थिति नहीं रहती। ऐसे समय में भी श्री राम रसोई उनके लिए भोजन उपलब्ध करवाएगी। उन्होंने बताया कि इस रसोई का हर सोमवार को अवकाश रहेगा। इस अवसर पर रेनू खन्ना संस्थापक, सुधीर कांटीवाल प्रधान, सोनू सेठी, हैप्पी कौशल, नरिंदर मैदान, दीक्षित सिंगला समेत अन्य लोग मौजूद रहे।