पिछले 38 दिन से फरार डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम की 'दुलारी' हनीप्रीत आखिरकार पुलिस के हाथ लग ही गई। हरियाणा पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
पंचकूला कमिश्नर एके चावला ने बताया कि हनीप्रीत को एसीपी मुकेश कुमार ने पटियाला- जीरक पुर रोड पर राउंडअप किया। हनीप्रीत इनोवा गाड़ी में ट्रैवल कर रही थी और इसके साथ एक महिला भी थी। हनीप्रीत को अब कल कोर्ट में पेश किया जाएगा और उसका रिमांड मांगा जाएगा।
बता दें कि मंगलवार को डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम की सबसे बड़ी राजदार हनीप्रीत अचानक सामने आ गई। उसने एक न्यूज चैनल को इंटरव्यू दिया और पूरे मामले पर खुलकर बात की। राम रहीम के साथ रिश्ते पर भी हनीप्रीत ने काफी कुछ कहा। हनीप्रीत ने इंटरव्यू में खुद को बेगुनाह बताया है।
गौरतलब है कि 25 अगस्त को साध्वी रेप केस में राम रहीम को दोषी करार दिया गया था। उसके बाद बाबा के समर्थकों ने पंचकूला में खूब हिंसा की और उपद्रव मचाया। इन दंगों में 41 लोग मारे गए थे, तब से हनीप्रीत फरार चल रही थी। आज सवेरे से ही हनीप्रीत के सरेंडर की खबरें चल रही थीं।