राम रहीम के लिए पंचकूला में हुई हिंसा के मामले में आरोपी आदित्य इंसां की पत्नी का कहना है कि उसके पति को किसी तरह ढूंढकर लाया जाए। 17 महीने से उसका कोई अता-पता नहीं है। न ही उन्होंने कोई संपर्क किया है। हमें बहुत चिंता हो रही है, उनकी सलामती को लेकर। बता दें कि मामले की जांच कर रही एसआईटी ने सिरसा हिंसा के मुख्य साजिशकर्ताओं में शामिल वांटेड आदित्य इंसां की गिरफ्तारी के लिए डेरा सच्चा सौदा मुख्यालय में दबिश देकर वाइस चेयरपर्सन शोभा इंसां से पूछताछ की।
शोभा इंसां ने एसआईटी से कहा कि अगर आदित्य डेरा में आया तो वे खुद उसे पुलिस के हवाले कर देंगे। वहीं, आदित्य की पत्नी डॉ. प्रदीप कौर ने एसआईटी से गुहार लगाई है कि वे जल्द से जल्द आदित्य की तलाश करें। आदित्य को लापता हुए 17 माह हो चुके हैं और उसने कभी परिवार वालों से संपर्क नहीं किया। ऐसे में पूरा परिवार आदित्य को लेकर चिंतित है।
वहीं एसआईटी का कहना है कि आदित्य की अंतिम लोकेशन पंचकूला में आई थी। 25 अगस्त 2017 को पंचकूला व सिरसा में हुई हिंसा के दौरान पेशे से आई स्पेशलिस्ट डॉक्टर आदित्य पंचकूला में मौजूद था। परिवार वालों ने एसआईटी को आदित्य के खास परिचित दोस्तों के नाम व मोबाइल नंबर भी बताए हैं। अब एसआईटी उक्त लोगों से पूछताछ कर उनके नंबरों की कॉल डिटेल्स खंगालेगी। इसके अलावा अदालत से भगोड़ा करार आदित्य की संपत्ति कुर्क करवाने की कार्रवाई भी पुलिस ने शुरू कर दी है।
तहसील कार्यालय से पुलिस ने उसकी संपत्ती का पूरा ब्यौरा मांगा है। इसके बाद पुलिस अदालत के माध्यम से उसकी संपत्ति कुर्क करवाएगी। पुलिस ने आदित्य के बैंक खातों को सील करने के लिए दो निजी बैंकों में चल रहे उसके अकाउंट का ब्यौरा जुटाया है। जिन दो प्राइवेट बैंकों में आदित्य के खाते हैं उनसे खाते में जमा रकम और इससे हुई रुपयों की निकासी का पता लगाया जा रहा है। अदालत के माध्यम से आदित्य के बैंक खाते सील करवाए जाएंगे।