बस ड्राइवर से हुई मारपीट की घटना के बाद सीटीयू की बसें तीन दिन से रामदरबार बस स्टॉप पर नहीं जा रहीं। लोगों को दो से तीन किलोमीटर पीछे ही उतार दिया जा रहा है।
लोगों का कहना है कि किसी और की गलती की है और सजा उन्हें भुगतनी पड़ रही है। सीटीयू ड्राइवरों की मांग है कि जब तक मारपीट करने वाले युवक नहीं पकड़े जाएंगे तब तक रामदरबार बस स्टॉप तक बसें नहीं जाएंगी।
रामदरबार में 5ए, 5सी, 7ए और 7सी नंबर बसें चलती हैं।
7ए-7सी नंबर बस सेक्टर-17 तक जाती है जबकि 5ए-5सी नंबर बस पीजीआई और सेक्टर-43 को जाती है। ये सभी बसें शहर के लगभग सभी प्रमुख कॉलेजों से होकर गुजरती हैं। इस वजह से छात्रों को भी काफी परेशानियां हो रही हैं।
रामदरबार बस स्टॉप से चढ़ने वाले यात्रियों को भी दो से तीन किलोमीटर दूर जाकर बस पकड़नी पड़ रही है। कुछ बसें ट्रिब्यून चौक और कुछ बसें कालीबाड़ी लाइटों के पास यात्रियों को उतार रही हैं।
चालक से की थी मारपीट
बुधवार को स्कूली बच्चों को ले जाने वाली सीटीयू की बस में तीन युवक जबरन चढ़ गए थे। ड्राइवर के मना करने पर उन्होंने बहस शुरू कर दी। बहस के बाद युवक मारपीट पर उतर आए और ड्राइवर को पीटकर मौके से फरार हो गए।