राजयोगिनी दादी जानकी 8 मार्च को महिला दिवस पर चंडीगढ़ आकर महिला सशक्तिकरण अभियान की लॉन्चिंग करेंगी। इसके साथ ही 50 से भी अधिक समर्पित कुमारी कन्याओं के लिए बैज और अंगूठी लेकर आएंगी। समर्पण कार्यक्रम में 50 से भी अधिक कुमारी बहनों का समर्पण होगा, जो अपना जीवन मानव सेवा के लिए समर्पित किया है। इस कार्यक्रम में समर्पित कुमारी बहनों के माता-पिता और उनके रिश्तेदार भी शामिल होंगे। इस मौके पर बैज भी लगाए जाएंगे। बैज में एक तरफ लक्ष्मी नारायण और दूसरी तरफ त्रिमूर्ति की फोटो होगी।
यह बैज इसलिए लगाया जाता है कि लक्ष्य प्राप्ति में दिव्यता बनी रहे और वैसा ही बने। इस कार्यक्रम में पंजाब, हरियाणा, जम्मू और हिमाचल प्रदेश से 10 हजार-भाई बहन शामिल होंगे। समर्पण के लिए कुमारी बहनों का पांच वर्ष तक ट्रायल होता है। इनकी ट्रायल की फाइल बनती है। फाइल में दर्ज बातें ही समर्पण के लिए अनुमति प्रदान करती हैं। इसके बाद ही समर्पण के लिए अनुमति मिलती है। ब्रह्म कुमारी विश्व की एक बड़ी संस्था है जिसे महिलाएं संचालित करती हैं। राष्ट्रीय स्तर पर इस अभियान की लांचिंग माउंटआबू में हो चुकी है।
ट्राइसिटी में यह लॉन्चिंग 8 मार्च को होगी। महिला सशक्तिकरण द्वारा सामाजिक परिवर्तन थीम पर आधारित यह कार्यक्रम सेक्टर-34 स्थित एग्जीबिशन ग्राउंड में होगा। इस कार्यक्रम के लिए पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट से अनुमति ले ली गई है। विदेश से भी कई ब्रह्म कुमारी दीदीयां आएंगी। इस कार्यक्रम में 10 हजार से भी अधिक ब्रह्म कुमार भाई-बहनें शामिल होंगी।