गांव कोठा में घरों की तलाशी लेती राजस्थान पुलिस की टीमें।
गैंगस्टर विक्की गौंडर और प्रेमा लाहौरिया के एनकाउंटर के बाद हरकत में आई राजस्थान पुलिस ने भारी लाव-लश्कर के साथ शुक्रवार को गांव पक्की और कोठा में दबिश देकर एक-एक घर को खंगाला। इस दौरान पुलिस ने 35 संदिग्ध लोगों को हिरासत में भी लिया। इन सभी से हिंदुमल कोट पुलिस थाने में पूछताछ चल रही है। वहीं पहले दिन सर्च के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हो सकी थी।
जानकारी के अनुसार बार्डर के गांव में संदिग्ध गतिविधियों को पकड़ने के लिए श्रीगंगानगर के पुलिस अधीक्षक हरेंद्र महावर ने गोपनीय ढंग से बार्डर एरिया के गांवों में सर्च अभियान चलाने के निर्देश दिए थे। इस पर पुलिस उप अधीक्षक (ग्रामीण) दिनेश मीणा, हिंदुमलकोट पुलिस थाना प्रभारी भूपेंद्र सोनी, मटीली राठान पुलिस थाना प्रभारी कुलदीप चारण, चूनावढ़ पुलिस थाना प्रभारी चंद्रजीत सिंह भाटी, ईआरटी की स्पेशल टीम के अलावा भारी पुलिस के साथ शुक्रवार सुबह गांव पक्की और कोठा में दबिश दी। पुुलिस ने एक-एक घर में घुसकर जांच की, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। हालांकि इस दौरान पुलिस ने बिना दस्तावेजों के मिले तीन वाहनों को सीज किया।
हिंदुमल कोट के थाना प्रभारी भूपेंद्र सोनी ने बताया कि करीब 35 लोगों से थाने में पूछताछ की जा रही है। उनके नाम पतों की तस्दीक की जा रही है। इस दौरान महिला पुलिस ने महिलाओं की तलाशी ली। उन्होंने घरों में रखे महिला पुरुषों के सामान की बारीकी से तलाशी ली। पुलिस का कहना था कि बार्डर एरिया में असामाजिक घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने छापामारी की है। उन्होंने बताया कि अभी गांवों में सर्च अभियान जारी है।