चंडीगढ़। शहर के तीन खिलाड़ियों का चयन बीसीसीआई की बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट अकादमी ने इमर्जिंग टूर्नामेंट के लिए किया है। यह खिलाड़ी 5 से 31 अगस्त तक बेंगलुरु में खेलेंगे। यूटी क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय टंडन ने बताया कि टूर्नामेंट में शहर के हरनूर सिंह टीम ए, राजअंगद बावा टीम बी और मोहम्मद अशहद को टीम डी में जगह दी गई है।
राजगअंगद बावा और हरनूर सिंह अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारतीय टीम का हिस्सा रहे हैं। इसमें मैंन ऑफ टूर्नामेंट में रहे बावा और बल्ले से बेहतर प्रदर्शन करने वाले हरनूर सिंह की बदौलत भारत ने अंडर-19 विश्व कप की विजेता ट्रॉफी को हासिल किया था। वहीं, बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद अशहद ने गत सीजन में कूच बिहार ट्रॉफी में पांच मैचों में 24 विकेट चटकाई थीं।
कैंप में बहा रहे पसीना
इमर्जिंग टूर्नामेंट में हिस्सा बनने वाले राजअंगद बावा और हरनूर सिंह इन दिनों बेंगलुरु के एनसीए कैंप में ट्रेनिंग कर रहे हैं। वहीं, मोहम्मद अशहद आंध्र प्रदेश स्थित आनंदपुर में 10 जुलाई से कैंप में प्रशिक्षण ले रहे हैं।