चंडीगढ़। यूटी प्रशासन की ओर से शहर के विभिन्न हिस्सों में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर में खाने की क्वालिटी पर कई सवाल उठ रहे हैं। ताजा मामला रायपुरकलां के क्वारंटीन सेंटर का है, जहां पर एक वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे प्रशासन की तरफ से भेजे जा रहे खाने में कीड़े निकल रहे हैं। इसे लेकर आम आदमी पार्टी ने विरोध जताया है और खाने की क्वालिटी को सुधारने की मांग की है।
आम आदमी पार्टी के नेता दलीप कुमार ने कहा कि पहले ही प्रशासन कोरोना की महामारी को काबू करने में नाकाम हो रहा है और अब क्वारंटीन सेंटर के वीडियो से साफ जाहिर होता है कि प्रशासन आम लोगों को सुविधाएं देने में नाकाम रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन के अधिकारी जिस तरह से होम क्वारंटीन की जगह लोगों को जबरदस्ती क्वारंटीन सेंटरों में ले जा रहे हैं, इससे किसी बड़े भ्रष्टाचार की बू आ रही है। कहा कि, आम आदमी पार्टी इस विषय पर जल्द ही प्रशासक वीपी सिंह बदनौर से मिलकर जांच करने की मांग करेगी।
उन्होंने कहा कि क्वारंटीन किए गए लोगों ने पहले ही अधिकारियों से कहा था कि उन्हें होम क्वारंटीन कर दिया जाए, लेकिन अधिकारियों ने कहा कि उन्हें यहां पर अच्छी सुविधाएं मिलेंगी। बावजूद इसके यहां लोगों को घटिया खाना दिया जा रहा है, जिसमें कीड़े पड़े हुए हैं। इस पर स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि सभी केंद्रों में लोगों को अच्छा खाना दिया जा रहा है। अगर ऐसी कोई बात है तो वह इस मामले की जांच कराएंगे। आम आदमी पार्टी ने प्रशासन से मांग की है कि वह तुरंत प्रभाव से ज्यादा से ज्यादा टेस्टिंग करें। बिना लक्षण वाले मरीजों और उनके संपर्क में आए लोगों को होम क्वारंटीन किया जाए और जिन लोगों को बाहर क्वारंटीन करने की जरूरत पड़ रही है, उन्हें बेहतर सुविधा दी जाएं।