हिमाचल प्रदेश और पंजाब में तेज बारिश के चलते सड़कें टूटने और आवाजाही बंद होने का सीधा असर चंडीगढ़ की सब्जी मंडी पर पड़ रहा है। दो दिन की भारी बारिश के कारण बहुत कम सब्जियां मंडी तक पहुंची हैं। वहीं, कुछ सब्जियां मंडी में बारिश के कारण खराब हो गईं। इसका भी सीधा असर सब्जी के दामों पर पड़ा है।
टमाटर और अदरक के दाम आसमान छू रहे हैं। सब्जी मंडी में मंगलवार को टमाटर होलसेल में 220-230 रुपये प्रति किलो बेचा गया, जबकि रिटेल में 250 से 300 रुपये किलो बिक रहा है। यही हाल अदरक का है। होलसेल में अदरक 220 से 240 रुपये प्रति किलो है जबकि रिटेल में 250 से 320 रुपये किलो बेचा जा रहा है।
हिमाचल में बरसात से हुआ नुकसान
सेक्टर-26 मंडी के सब्जी के थोक विक्रेता अमन शर्मा ने बताया कि वर्तमान समय में हिमाचल प्रदेश के निचले इलाकों से टमाटर सबसे अधिक आता है लेकिन पिछले दो-तीन दिनों से हो रही बारिश और रास्ते बंद होने से सब्जी पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच पाई है। हिमाचल प्रदेश में तेज बारिश के कारण फसलें खराब हो गई हैं, जिसके कारण सब्जी की कीमतों में उछाल आया है। सोमवार व मंगलवार को पंजाब के कई हिस्सों से सब्जियां नहीं पहुंच पाईं। मंडी में जलभराव के कारण कुछ सब्जियां खराब हो गई हैं। कई शिकायतों के बाद भी प्रशासन की ओर से मंडी के रख-रखाव की तरफ ध्यान नहीं दिया जा रहा है। हर बारिश में जलभराव और शेड टपकने के कारण सब्जियां खराब हो जाती हैं।
सब्जियों को होलसेल और रिटेल मूल्य
सब्जी बारिश से पहले थोक मूल्य वर्तमान में थोक मूल्य खुदरा कीमतें
टमाटर 115-120 220-230 250 से 320
अदरक 200 230-250 300 से 350
लहसुन 90-100 100-120 140
मटर 50-70 80-100 120
फूल गोभी 50 70-80 100
भिंडी 25-30 45 60
घिया 25-30 35-40 50
आलू 14-15 18-20 30
अरबी 20-25 30-35 40-45
हरी मिर्च 25-30 40-45 60
टिंडा 30-35 40-45 50-60
शिमला मिर्च 35-40 55-60 70-80
(कीमत प्रति किलो रुपये में)
पहली बार फल और चिकन से भी महंगी सब्जी
पहली बार ऐसा हुआ है कि सब्जियों के दाम फल और चिकन से भी मंहगे हो गए हैं। आम आदमी की पहुंच से सब्जी बाहर है। टमाटर 300 रुपये किलो से अधिक बिक रहे हैं, इस भाव में कौन खरीदेगा। सारी सब्जियां सौ रुपये और इससे अधिक दाम में बिक रही हैं, आम इंसान सब्जी नहीं खा सकता है। सरकार को अपने स्तर पर इसे देखना चाहिए।
- बलजिंदर सिंह, फॉसवैक चेयरमैन, सेक्टर-21
प्रशासन सब्जी उपलब्धता में करें मदद
सब्जी के भाव आसमान छू रहे हैं। पहले ही बारिश के कारण कई लोगों का काम प्रभावित हो रखा है। लोगों का आर्थिक नुकसान हुआ है। इसके बाद सब्जी की मार आम आदमी नहीं सहन कर पाएगा। प्रशासन को आम सस्ते दामों पर सब्जी उपलब्ध करवानी चाहिए।
- हितेश पुरी, क्राफ्ड चेयरमैन, सेक्टर-43
कई सेक्टरों में नहीं बेचे टमाटर
चंडीगढ़ में मंगलवार को कई सेक्टरों में रिटेलरों/रेहड़ी विक्रेताओं की ओर से टमाटर रखे ही नहीं गए। विक्रेताओं का कहना था कि टमाटर का भाव बहुत अधिक है, लोग बहुत कम टमाटर खरीद रहे हैं इसलिए अगर सारी बिक्री नहीं होती तो नुकसान अधिक होता है। वहीं सेक्टर-22 में रेहड़ी विक्रेताओं की ओर से टमाटर 350 से 400 रुपये के बीच बेचा गया।