पंजाब में इस मानसून सीजन में अब तक सामान्य से 44 फीसदी ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई है। शनिवार को सूबे के 16 जिलों में झमाझम बदरा बरसे। शुक्रवार देर रात से शुरू हुई बारिश शनिवार रात तक जारी रही। इसके चलते तापमान सामान्य से 6.9 डिग्री नीचे गिर गया है।
फिरोजपुर में पाकिस्तान के कसूर नाला में बाढ़ के चलते सतलुज उफान पर है। सीमांत गांव कालू वाला की सड़कों तक दरिया का पानी पहुंच गया है। जिले में तीन हजार एकड़ में फसल पानी में डूब गई। अमृतसर, लुधियाना, जालंधर, फाजिल्का व फतेहगढ़ साहिब समेत सूबे के कर्इ शहरों में जल भराव की स्थिति रही। लुधियाना में एक पुल पर टकराने से तीन गाड़ियां पुल से नीचे गिरने से बाल-बाल बचीं।
भाखड़ा डैम का जल स्तर पंहुचा 1603 फुट के पार
भाखड़ा डैम के पीछे बनी गोबिंद सागर झील के जलस्तर में बारिश के बाद लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। बीते वर्ष 8 जुलाई के मुकाबले शनिवार को 40 फुट अधिक पानी दर्ज किया गया है।
बीबीएमबी के मुख्य अभियंता सीपी सिंह ने बताया कि भाखड़ा डैम के पीछे बनी विशाल गोबिंद सागर झील में 43425 क्यूसेक पानी के साथ ही डैम का जलस्तर 1603.71 फुट तक जा पहुंचा। डैम से टरबाइनों के माध्सम से 23508 क्यूसेक पानी छोड़ कर 175.52 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन किया गया। इस तरह बात नंगल डैम से सतलुज दरिया में छोड़े जाने वाले पानी की करें तो सतलुज दरिया में 1140, नंगल हाइडल नहर में 12500 और श्री आंनदपुर साहिब हाइडल नहर में 10150 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
कहां-कितनी हुई बारिश (मिमी.)
अमृतसर 110
फिरोजपुर 108
पठानकोट 46
चंडीगढ़ 70
पटियाला 10
लुधियाना 34
अमृतसर 26.8
फरीदकोट 11.5
फतेहगढ़ साहिब 16.0
गुरदासपुर 38.5
जालंधर 8.5
रोपड़ 39.5
एसबीएसनगर 29.0