चंडीगढ़। रेल और वाणिज्य व उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि रेलवे ने लॉकडाउन अवधि के दौरान देश को एक सूत्र में जोड़ने के साथ-साथ बेहतर प्रदर्शन दिखाया है। अगस्त के आंकड़े पेश करते हुए उन्होंने बताया कि भारतीय रेलवे ने ढुलाई की दृष्टि में पिछले वर्ष की तुलना में चार फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की है जबकि व्यापक वर्षा के बावजूद भी रेलवे ने 94.33 मिलियन मीट्रिक टन माल ढोया गया। वे मंगलवार को भारत सरकार की पहल ‘अश्वमेध - एलारा इंडिया डायलॉग 2020’ के वर्चुअल सेमिनार में बोल रहे थे।
सेमिनार में भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी परिषद के सदस्य संजय टंडन सहित देश के अन्य व्यापारी और बुद्धिजीवी वर्ग ने भाग लिया। पीयूष गोयल ने लॉकडाउन के दौरान रेलवे की कार्यप्रणाली के बारे में सभी को विस्तार से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि इस दिशा में और अधिक मजबूती दिखाते हुए ट्रेनों की गति में 94 फीसदी तक का इजाफा किया गया और समर्पित फ्रेट कोरिडोर स्थापित किए गए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रेलवे मंत्रालय देश की आर्थिक विकास के लिये वचनबद्ध है। इस अवसर पर यूके स्थित हाउस ऑफ लार्ड्स की सदस्या मेघा देसाई भी शामिल हुईं।