रेलवे बहुत जल्द यात्रियों को टिकट कैंसिल कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर देने जा रहा है। यह 26 जनवरी से शुरू हो जाएगा। यात्री को अब रेलवे के पूछताछ हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल करना होगा, टिकट कैंसिल हो जाएगा। उसके बाद यात्री अपने पैसे काउंटर से वापस ले सकेंगे।
हाल ही में इसके लिए रेलवे के आला अधिकारियों की मीटिंग भी हुई है। 26 जनवरी से यह सुविधा लोगों को मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। पहले रेल यात्रियों को ट्रेन छूटने से कुछ समय पहले टिकट कैंसिल करवाने के लिए रेलवे स्टेशन जाना पड़ता था। ऐसा न करने पर यात्रियों के आधे पैसे कट जाते थे।
अब आरएसी व वेटिंग टिकट का पैसा ट्रेन खुलने के समय से आधा घंटा पहले तक वापस किया जा सकता है। इस समय के अंदर यदि यात्री टिकट कैंसिल करा लेता है तो उसका कुछ रुपया रिफंड हो जाएगा, लेकिन इस समय के बाद यदि टिकट रद्द कराया गया तो उसका पैसा वापस नहीं मिलेगा।
ऐसे कैंसिल करवाएं टिकट
यात्रियों को टिकट बुकिंग करवाते समय ही एक विकल्प दिया जाएगा। इसके तहत यात्रियों से टिकट बुकिंग के समय उनका मोबाइल नंबर पूछा जाएगा। जब आप टिकट कैंसिल करवाने के लिए 139 पर कॉल करेंगे तो आपसे वही नंबर पूछा जाएगा। उसके बाद उसी मोबाइल नंबर पर वन टाइम पासवर्ड भेजा जाएगा, जो पूछताछ अधिकारी को बताना होगा। इसके बाद आपका टिकट कैंसिल होगा। टिकट कैंसिल होने के बाद आप काउंटर पर टिकट दिखाकर अपना पैसा वापस ले सकेंगे।
स्टेशन मास्टर को भी टिकट कैंसिल करने का अधिकार
रेलवे सर्कुलर के अनुसार स्टेशन मास्टर को भी टिकट कैंसल करने का अधिकार है। अगर यात्री साधारण व आरक्षित टिकट को काउंटर पर कैंसिल नहीं करा सके तो स्टेशन मास्टर के पास आकर भी टिकट कैंसल करा सकते हैं। स्टेशन मास्टर दूसरे स्टेशन से जारी आरक्षित टिकट भी रद्द कर पाएंगे। इसके लिए यात्री को चार्ट बनने के पहले एसएस के पास आना होगा।
26 जनवरी से हेल्पलाइन नंबर 139 पर यात्री टिकट कैंसिल करवा पाएंगे। इस पर विचार किया जा रहा है। अगर यात्री साधारण व आरक्षित टिकट काउंटर से टिकट कैंसिल नहीं करवा पाया तो स्टेशन मास्टर के पास भी टिकट कैंसिल करवा सकते हैं।
- नीरज शर्मा, सीपीआरओ