अंबाला-चंडीगढ़ के बीच डबल रेलवे लाइन की परियोजना में अंबाला से दप्पर तक डबल ट्रैक तैयार हो गया है। सोमवार को करीब छह से आठ घंटे तक चलने वाले नॉन इंटरलाकिंग वर्क के बाद शाम को इस डबल लाइन का ट्रायल किया जाएगा।
रेलवे अफसरों की टीम चंडीगढ़ से लेकर अंबाला कैंट स्टेशन तक स्पेशल ट्रेन में सफर कर इस डबल लाइन का निरीक्षण करेगी। उसके बाद जैसे ही ये टीम ट्रैक के ओके होने का सर्टिफिकेट मंडल को जारी करेगी।
उसके बाद डबल रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों की आवाजाही शुरू कर दी जाएगी। सोमवार को होने वाले इसी ट्रायल से पहले रविवार को अंबाला मंडल के डीआरएम निदेश कुमार ने रेलवे की मोटर ट्रॉली में बैठकर अंबाला कैंट से दप्पर तक इस डबल लाइन का जायजा लिया।
पहले चरण में दप्पर तक हुई डबल लाइन
अंबाला से चंडीगढ़ डबल रेलवे ट्रैक बनाने की परियोजना में पहले चरण में अंबाला से दप्पर स्टेशन तक करीब 25 किलोमीटर में रेलवे लाइन को डबल कर दिया है। सोमवार को ट्रैक पर नॉन इंटरलाकिंग वर्क चलेगा।
जिसमें लाइन पर वाइब्रेशन, कर्व, लेवल, प्वाइंटस, कांटे, सिगनल इत्यादि पहलुओं की जांच की जाएगी। इसी को लेकर सोमवार को कई ट्रेनें रद रहेंगे, कई आंशिक रद और कइयों के रूट डायर्वट रहेंगे।
दिनेश कुमार, डीआरएम, अंबाला ने बताया कि नान इंटरलाकिंग वर्क के बाद ये निरीक्षण स्पेशल ट्रेन के जरिए होगा। उसके बाद निरीक्षण टीम ट्रैक ओके का सटफिकेट जारी करेगी। इस दौरान ट्रैक की सिक्योरिटी को लेकर भी कई पहलुओं का निरीक्षण होगा। सर्टिफिकेट जारी होते ही इस ट्रेक पर ट्रेनों का आवागमन शुरू हो जाएगा।