एचआरआईडीसी के वार्षिक समारोह में पहुंचे मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी
चंडीगढ़। हरियाणा रेल अवसंरचना विकास निगम (एचआरआईडीसी) के वार्षिक समारोह में पहुंचे मुख्य सचिव डॉ. विवेक जोशी ने कहा, रेलवे की बढ़ती कनेक्टिविटी से हरियाणा की आर्थिक प्रगति में तेजी आएगी। उन्होंने एचआरआईडीसी की परियोजनाओं के संबंध में कहा, कुरुक्षेत्र में एक एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का निर्माण हो रहा है। इस 5.875 किमी. लंबे एलिवेटेड ट्रैक का मकसद कुरुक्षेत्र-नरवाना लाइन पर पांच लेवल क्रॉसिंग को समाप्त करके कुरुक्षेत्र शहर में भीड़भाड़ को कम करना है और यह काम पूरा होने वाला है। डॉ. जोशी एचआरआईडीसी के अध्यक्ष भी हैं।
उन्होंने बताया, पातली-मानेसर-एमएसआईएल कनेक्टिविटी लाइन (8.7 किमी) का लाइट इंजन सितंबर 2024 में रोल आउट किया जा चुका है। इसके अलावा, पातली-न्यू पातली-सुल्तानपुर (7.9 किमी) कनेक्टिविटी लाइन और धुलावट-बरसा सेक्शन (29.5 किमी) का निर्माण कार्य और सोहना व धुलावत के बीच डबल टनल (4.7 किमी) का निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है।
लोक निर्माण (भवन एवं सडक़ें) और वास्तुकला विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने कहा, हरियाणा उत्तर भारत का एकमात्र राज्य है, जिसके पास राज्य में रेल बुनियादी ढांचे को बढ़ावा देने के लिए भारतीय रेलवे के साथ एक संयुक्त उद्यम निगम है। कहा, रेलवे के विकास के बिना हरियाणा का विकास संभव नहीं है और इस लक्ष्य को प्राप्त करने में एचआरआईडीसी एक अनूठी पहल है। एचआरआईडीसी के प्रबंध निदेशक राजेश अग्रवाल ने वर्तमान में कार्यान्वित परियोजनाओं का विवरण दिया। इस मौके पर एचआरआईडीसी की पत्रिका रलहरी, वार्षिक डायरी और कैलेंडर का अनावरण करने के साथ-साथ उत्कृष्ट कर्मचारियों को भी सम्मानित किया गया।