देर रात आधे दर्जन हुक्का बार में छापेमारी
हुक्का बार में निकोटिन परोसे जाने की सूचना पर वीरवार रात पंचकूला की नगराधीश ममता शर्मा ने अलग-अलग विभागों की टीम के साथ शहर के करीब आधे दर्जन हुक्का बार पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान वहां से निकोटिन के सैंपल लेने सहित खाद्य आपूर्ति, हुडा, पुलिस सहित अन्य विभागों के सदस्यों ने भी बार में मौजूद कमियों का जायजा लिया। बार के अंदर की गई नियमों की अनदेखी का दूसरी टीमों ने जायजा लिया।
मौके से एकत्रित सुबूत की छानबीन के बाद टीम की ओर से रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद जिन विभागों के नियमों की अनदेखी है उसके तहत बार के खिलाफ कार्रवाई होगी। अचानक हुई छापेमारी से बार में मौजूद युवकों में हड़कंप मच गया और वहां से इधर उधर खिसकने लगे। प्रशासनिक अमले को देखकर हुक्का बार मालिकों के भी हाथ पांव फूल गए।
पहले मिली शिकायत पर नगराधीश ममता शर्मा के साथ हुडा के एसडीओ बीएस बेनीवाल, एसीपी मुकेश मल्होत्रा, सेक्टर-5 थाना प्रभारी ललित कुमार सहित खाद्य एवं आपूर्ति विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।
देर रात आधे दर्जन हुक्का बार में छापेमारी
टीम ने सबसे पहले सेक्टर-पांच स्थित हुक्का बार हाइड में छापेमारी की। इसके बाद उन्होंने सेक्टर-3 और सेक्टर-8 में कार्रवाई की। इस दौरान दो हुक्का बार बंद मिले, जबकि अनय में टीम के सदस्यों ने मौके से सैंपल लेने के बाद वहां हुई नियमों की अनदेखी का भी जायजा लिया। विभागीय टीम के एक अधिकारी ने बताया कि सभी विभागों की रिपोर्ट के आधार पर इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
टीम ने जब सेक्टर-3 के हुक्का बार में छापेमारी की तो एफआर हुक्का का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया गया, जिसे देखकर टीम ने अन्य बार की तरफ रुख कर लिया। खबर लिखे जाने तक सेक्टर-आठ के चिंकी मांकी में कार्रवाई चल रही थी। इसके अलावा हुक्का बार हाईड, चिंकी मॉकी, हॉटस्पॉट सहित अन्य बार पर टीम ने करीब तीन घंटे तक रात के वक्त तक छापेमारी की। अधिकतर बार में अंधेरा होने की वजह से कार्रवाई में भी दिक्कत आ रही थी।