देर रात आधे दर्जन हुक्का बार में छापेमारी
हुक्का बार में निकोटिन परोसे जाने की सूचना पर वीरवार रात पंचकूला की नगराधीश ममता शर्मा ने अलग-अलग विभागों की टीम के साथ शहर के करीब आधे दर्जन हुक्का बार पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान वहां से निकोटिन के सैंपल लेने सहित खाद्य आपूर्ति, हुडा, पुलिस सहित अन्य विभागों के सदस्यों ने भी बार में मौजूद कमियों का जायजा लिया। बार के अंदर की गई नियमों की अनदेखी का दूसरी टीमों ने जायजा लिया।
मौके से एकत्रित सुबूत की छानबीन के बाद टीम की ओर से रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद जिन विभागों के नियमों की अनदेखी है उसके तहत बार के खिलाफ कार्रवाई होगी। अचानक हुई छापेमारी से बार में मौजूद युवकों में हड़कंप मच गया और वहां से इधर उधर खिसकने लगे। प्रशासनिक अमले को देखकर हुक्का बार मालिकों के भी हाथ पांव फूल गए।
पहले मिली शिकायत पर नगराधीश ममता शर्मा के साथ हुडा के एसडीओ बीएस बेनीवाल, एसीपी मुकेश मल्होत्रा, सेक्टर-5 थाना प्रभारी ललित कुमार सहित खाद्य एवं आपूर्ति विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।