चंडीगढ़। सेक्टर-9 स्थित द काऊ बॉय क्लब में छापा मारकर पुलिस ने हुक्का बार का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने क्लब से कुल 12 हुक्के बरामद किए। ये सभी हुक्के वहां बैठे ग्राहकों को परोसे गए थे। पुलिस ने भारी मात्रा में फ्लेवर्ड तंबाकू भी बरामद किया। क्लब के प्रबंधक सतबीर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर सेक्टर-3 थाना पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बता दें कि प्रतिबंध के बावजूद शहर के कुछ क्लबों में हुक्का बार चलाए जा रहे हैं। ट्राइसिटी के युवा हर रोज इन क्लबों में जाकर हुक्का पी रहे हैं। सेक्टर-3 पुलिस को सूचना मिली थी कि काऊ बॉय क्लब में लोगों को फ्लेवर्ड हुक्का पिलाया जा रहा है। सूचना के बाद टीम का गठन कर पुलिस ने क्लब में छापा मारा। इससे पहले भी सेक्टर-3 थाना पुलिस ने सेक्टर-9 के एक अन्य क्लब में छापा मारकर हुक्का और भारी मात्रा में तंबाकू बरामद किया था।