कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष किसी भी मुल्क में लोगों की आवाज बनने के लिए मीडिया, न्यायिक प्रणाली और संस्थाओं समेत एक ढांचे में रह कर काम करता है लेकिन भारत में समूचे ढांचे को मोदी सरकार ने कंट्रोल किया हुआ है। उन्होंने चुनौती दी कि मुझे स्वतंत्र प्रेस और स्वतंत्र संस्थाएं दे दो, नरेंद्र मोदी की सरकार बहुत देर तक नहीं टिक सकेगी।
खेती कानूनों के विरुद्ध पंजाब में खेती बचाओ यात्रा के तीसरे और आखिरी दिन मंगलवार को पटियाला के सर्किट हाउस में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान राहुल ने कहा कि मोदी सरकार ने जबरन सभी प्रमुख संस्थाओं पर कब्जा जमा लिया है। दुनिया का कोई भी मुल्क आज ऐसी स्थिति का सामना नहीं कर रहा कि उसकी जमीन किसी अन्य मुल्क ने हथिया ली हो और मीडिया सरकार से सवाल भी न पूछ सकता हो। यदि मोदी चीन की घुसपैठ को मान लेते तो उनकी छवि को चोट पहुंचनी थी।
राहुल ने कसा तंज- मोदी के आलीशान हवाई जहाज पर क्यों नहीं
राहुल गांधी ने अपने ट्रैक्टर की गद्दी पर सवाल उठाने वाली भाजपा पर तंज किया कि टैक्स देने वाले लोगों के 8000 करोड़ से खरीदे गए प्रधानमंत्री के नए जहाज में सिर्फ एक गद्दी ही नहीं, बल्कि कई शानदार बेड लगे हुए हैं। मीडिया द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में राहुल ने कहा कि आप भाजपा नेताओं से इस बारे में सवाल क्यों नहीं पूछते। मोदी के मित्र अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पास हवाई जहाज है, सिर्फ इसलिए जहाज पर हजारों करोड़ रुपये बर्बाद कर दिए।
खेती कानूनों के खिलाफ जल्द विस का विशेष सत्र बुलाएगी सरकार
मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि उनकी सरकार केंद्र के खेती कानूनों को नाकाम बनाने के लिए जल्द ही विशेष सत्र बुलाएगी। कैप्टन ने पूछा, मोदी सरकार दावा करती है कि किसान इन कानूनों से खुश हैं। अगर ऐसा है तो वह सड़कों पर विरोध प्रदर्शन क्यों कर रहे हैं। जब तक यह कानून वापस नहीं लिए जाते, तब तक इनके विरुद्ध पंजाब की जंग जारी रहेगी। वहीं, पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत ने कहा कि जिस तरह ब्रिटिश साम्राज्य के अत्याचार गांधी परिवार की भावना और आत्मविश्वास को नुकसान पहुंचाने में असफल रहे थे, उसी तरह मोदी भी ऐसा नहीं कर सकेंगे।