वर्चुअल रैली को संबोधित करते रविशंकर प्रसाद
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय विधि व कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद ने रविवार को एक वर्चुअल रैली के माध्यम से शहरवासियों को संबोधित किया। इस दौरान रविशंकर प्रसाद ने जहां पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह से कांग्रेस द्वारा सेना पर की जा रही बयानबाजी पर सवाल दागे। वहीं, शहरवासियों को संपल्प दिलाया कि इस बार दीवाली पर कोई भी चीन के पटाखे और सामान का इस्तेमाल नहीं करेगा।
वर्चुअल रैली की शुरुआत में सभी नेताओं ने आत्मनिर्भर अभियान के तहत ‘लोकल पर वोकल’ पर आधारित स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल संबंधी शपथ ली। इस रैली में दिल्ली से केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद, भोपाल से चंडीगढ़ भाजपा प्रभारी प्रभात झा, चंडीगढ़ से सांसद किरण खेर, प्रदेश अध्यक्ष अरुण सूद, संजय टंडन समेत सभी नेता व कार्यकर्ता शामिल हुए।
रविशंकर प्रसाद ने कहा कि इस वक्त देश दो ‘सी’ से परेशान है। एक कोरोना है तो दूसरा चीन। कहा कि, चीन को लगता था कि भारत 1962 का है, उन्हें नहीं पता था कि यह 2020 का भारत है। यह कांग्रेस का भारत नहीं, देश की जनता द्वारा चुने गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारत है। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि कोरोना के दौरान आतंकवादियों की सफाई का काम भी चल रहा है।
पिछले दिनों में 100 के करीब आतंकवादियों को सेना के जवानों ने मार गिराया है। उन्होंने कहा कि भारत-चीन सीमा विवाद में चीन के करीब 40 से अधिक जवान और अधिकारी मरे हैं, लेकिन चीन इस बात को छुपा रहा है। इस रैली में सांसद किरण खेर ने कहा कि उनके पिता 1962 की जंग में लड़े थे, वह कई दिनों तक लापता रहे लेकिन फिर बाद में अस्पताल में मिले। उन्होंने कहा कि, पूरा शहर प्रधानमंत्री के साथ खड़ा है।