गोवा में भाजपा ने कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका दिया तो आम आदमी पार्टी ने भी इस पर अपनी प्रतिक्रिया दी। मंगलवार को आम आदमी पार्टी ने पंजाब में भाजपा पर विधायकों को खरीद की कोशिश का आरोप लगाया था। पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि भाजपा एक विधायक को 25- 25 करोड़ रुपये का ऑफर दे रही है।
पिछले सात दिन में 10 विधायकों से संपर्क किया गया है। अब आप के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर की। राघव चड्ढा ने कहा कि ऑपरेशन लोटस, दिल्ली और पंजाब में विफल हो गया, मगर गोवा में सफल। क्यों? इसलिये...जब आप कांग्रेस को वोट देते हैं तो आप भावी भाजपा विधायक का चुनाव करते हैं।
बता दें कि बुधवार को गोवा में पूर्व मुख्यमंत्री व वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिगंबर कामत और नेता प्रतिपक्ष माइकल लोबो समेत कांग्रेस के आठ विधायक भाजपा में शामिल हो गए हैं। विपक्ष के नेता माइकल लोबो ने आज ही कांग्रेस विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में कांग्रेस विधायक दल को भाजपा में विलय करने पर निर्णय लिया गया। इसके बाद इन विधायकों ने मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत से भी मुलाकात की और भाजपा का दामन थाम लिया।
आरोप- 25 करोड़ रुपये की दी गई पेशकश
पंजाब में आप का आरोप है कि दिल्ली और पंजाब भाजपा के कई नेताओं और एजेंटों ने पिछले सात दिनों में फोन कर करीब 10 आप विधायकों से संपर्क किया है। आप छोड़कर भाजपा में शामिल होने पर 25 करोड़ रुपये देने की पेशकश की गई।
फोन करने वाले किसी ‘बाबू जी’ (भाजपा के एक शीर्ष नेता) के साथ आप विधायकों की मीटिंग करवाने की बात कर रहे हैं और भाजपा के सरकार बनने के बाद उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाने का लालच भी दे रहे हैं। केंद्रीय एजेंसियों के माध्यम से विधायकों को धमकाया भी जा रहा है।