पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के बावजूद शहर के कई रेडियो स्टेशन लाइव शो के दौरान शराब, गैंगस्टर कल्चर व महिलाओं को अपमान करने वाले गाने बजा रहे हैं। जो सरासर हाईकोर्ट के आदेशों की अवहेलना है। यह कहना है पीजीजीसी-46 में समाज शास्त्र विभाग के प्रोफेसर पंडित राव धरेनवर का। वह वीरवार को सेक्टर-25 स्थित एक रेडियो स्टेशन के बाहर 6 घंटे तक भूख हड़ताल पर बैठे रहे।
इस दौरान पंडित राव ने कहा कि वह शहर के सभी रेडियो स्टेशन से ऐसे गानों को बैन करने की अपील कर चुके हैं। उन्होंने रेडियो चैनलों की मॉनिटरिंग के लिए एक टीम बनाई है, जो बज रहे गानों की रिकार्डिंग कर रही है। मामले की शिकायत वह एसएसपी से करेंगे। फिर भी कोई कार्रवाई नहीं होती है तो वह हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे। रेडियो स्टेशन के बाद पंडित राव टीवी चैनलों के ऑफिस के बाहर भी प्रदर्शन करेंगे।
प्रोफेसर राव ने बताया कि बठिंडा में दो साल पहले एक पार्टी के दौरान कुलविंदर कौर नामक एक डांसर को गोली लग गई थी। उस घटना से वह इतने आहत हुए कि इसके खिलाफ अभियान चलाने का विचार बनाया। पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में अपील की कि एक सेंसर बोर्ड बनाया जाए जो शराब, अश्लीलता और गन कल्चर से संबंधित गानों को पहले ठीक से देखें और उन पर प्रतिबंध लगाए। साथ ही ऐसे गानों को सार्वजनिक स्थलों पर न बजाया जाए।