पंजाब यूनिवर्सिटी टीचर्स एसोसिएशन (पूटा) के चुनाव में मृत शिक्षक भी वोट डालेंगे। यह सुनकर आप दंग रह गए होंगे, लेकिन पुटा की ओर से जारी की गई सूची में मृतकों के नाम भी शामिल किए गए हैं। पीयू के शिक्षकों के पास यह सूची भेजी गई तो वह भी हैरत में थे। कहा कि मृतकों के नाम सूची से हटाने चाहिए थे। यह मजाक बनाया गया है।
पीयू पढ़े लिखे लोगों का विश्वविद्यालय माना जाता है, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। इसके अलावा 65 साल पार कर चुके शिक्षकों के नाम भी सूची से नहीं हटाए गए। हालांकि यह प्रारंभिक सूची है, फाइनल वोटर लिस्ट दस सितंबर को जारी होगी। पुटा का चुनाव कार्यक्रम जारी हो गया है। आज प्रारंभिक वोटर लिस्ट जारी की गई है। इसमें 700 से अधिक वोटर हैं।
वोटर लिस्ट में पूर्व डीयूआई प्रो. शंकरजी झा का नाम भी शामिल है जबकि उनका निधन दो माह पहले हो चुका है। मास कम्युनिकेशन के प्रोफेसर संजय वाडवाकर का निधन भी काफी समय पहले हो गया लेकिन उनका नाम भी वोटर लिस्ट में शामिल कर शिक्षकों को सूची के साथ भेज दिया गया।
शिक्षक बोले- ऐसी लापरवाही रही तो आगे चुनाव प्रक्रिया कैसे बेहतर रहेगी
शिक्षकों ने कहा है कि यह लापरवाही हुई है। कम से कम मृतक शिक्षकों के नाम तो प्रारंभिक सूची से हटा देने चाहिए थे। कहा कि यह गलत किया गया है। यदि अभी से ऐसी लापरवाही हो रही है तो आगे चुनाव की प्रक्रियाएं कैसे बेहतर होंगी। शिक्षकों ने कहा है कि जल्द ही सूची से मृतक शिक्षकों के नाम हटाकर सूची दोबारा उन्हें भेजें।
ये है पुटा चुनाव कार्यक्रम
प्रारंभिक वोटर लिस्ट : 7 सितंबर
फाइनल वोटर लिस्ट : 10 सितंबर
नामांकन की आखिरी तिथि : 13 सितंबर दोपहर 1.00 बजे तक
नामांकन पत्रों की जांच : 13 सितंबर को ही होगी
नाम वापसी व फाइनल उम्मीदवार : 14 सितंबर
चुनाव : 25 व 26 सितंबर