चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन ने कोरोना के बढ़ते केसों के मद्देनजर पंजाब यूनिवर्सिटी नॉन टीचिंग स्टाफ एसोसिएशन (पुसा) और पंजाब यूनिवर्सिटी क्लास सी स्टाफ एसोसिएशन (पुकसा) के वीरवार को होने वाले चुनाव अगले आदेशों तक स्थगित कर दिए गए हैं। लेकिन उम्मीदवारों ने अभी चुनाव प्रचार नहीं छोड़ा है। वह मोबाइल और सोशल मीडिया के जरिए ही मतदाताओं तक एजेंडे पहुंचाने का रास्ता बचा है। उम्मीदवारों के एजेंडे में इस बार कर्मचारियों के पदोन्नति और रिहायशी इलाके में सुविधाओं के मुद्दे अहम है। सभी उम्मीदवार कर्मचारियों के सभी हित दिलवाने का वादा कर रहे हैं। रजिस्ट्रार विक्रम नैयर की उम्मीदवारों के साथ हुई बैठक में चुनाव स्थगित करने का फैसला लिया गया। हालांकि मौजूदा पुसा अध्यक्ष दीपक कौशिक ने बताया कि पुकसा के ज्यादातर उम्मीदवार तय समय पर ही चुनाव करवाने के पक्ष में हैं। आइए जानते हैं.. कौन उम्मीदवार, किस मुद्दे पर चुनाव लड़ रहा है।
परीक्षा ड्यूटी में हो रहा भेदभाव बंद करेंगे
गैर शैक्षणिक कर्मचारियों का परीक्षा ड्यूटी में हो रहा भेदभाव दूर करने का प्रयास करेंगे। पीएचडी परीक्षाओं में छूट मिलनी चाहिए। इसके साथ ही अगर कोई कर्मचारी उच्च शिक्षा के लिए जाना चाहता है तो उसे ड्यूटी से छुट्टी मिलनी चाहिए। दैनिक मजदूरी पर 10 साल से काम कर रहे कर्मियों को पक्का किया जाए। स्टूडेंट सेंटर की दुकानों पर कर्मचारियों के लिए सब्सिडी मूल्य पर सेवाएं उपलब्ध करवाना और कर्मचारियों को दफ्तर और आवास में बढ़िया सुविधाएं उपलब्ध करवाना एजेंडा रहेगा। - डॉ एसएस मान, पुसा अध्यक्ष उम्मीदवार
प्रशासनिक ब्लॉक में सोलर सुविधा उपलब्ध करवाना
हमारा उद्देश्य रहेगा कि प्रशासनिक ब्लॉक और रंजीत चंद्रा हॉल में सोलर सुविधा उपलब्ध करवाई जाए, ताकि बिजली जाने पर कर्मचारियों को परेशानी नहीं हो। इसके साथ ही पुरानी पेंशन योजना की ग्रांट जिन कर्मचारियों को नहीं मिली उसे जल्द बहाल करवाना, असिस्टेंट रजिस्ट्रार पद तक योग्य उम्मीदवार की पदोन्नति करवाना, खरड़ और जीरकपुर के लिए बस सुविधा और एडमिन ब्लॉक की कैंटीन फिर से शुरू करवाने पर काम किया जाएगा। - हनी ठाकुर, पुसा अध्यक्ष उम्मीदवार
कर्मचारियों के हित में काम करेंगे
हमारा उद्देश्य कर्मचारियों के हित में काम करना रहेगा। कर्मचारियों को ड्यूटी के दौरान जो भी मुश्किलें आएंगी और उनके प्रशासनिक तौर पर लटके लंबित मुद्दों को हल करवाने के लिए काम करेंगे। पिछले हफ्ते ही चुनाव प्रचार शुरू किया था। अब चुनाव स्थगित होने और कोरोना के केस बढ़ने के कारण प्रचार भी धीमा सा हो गया है। क्योंकि अब अनिश्चितता अधिक है पता नहीं कब चुनाव आयोजित किए जाए। - पूनम शर्मा , पुसा अध्यक्ष उम्मीदवार
चिकित्सा और रिहायशी सुविधाओं में सुधार
हमारा उद्देश्य रहेगा कि कर्मचारियों की चिकित्सा, रिहायशी इलाके और दफ्तर में मिलने वाली सुविधाओं में पर्याप्त सुधार करवाया जाए। कर्मचारियों को समय पर पदोन्नत किया जाए। आने-जाने के लिए बस या अन्य सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। कर्मचारियों को इंटरनेट सुविधा उपलब्ध करवाई जाए। कर्मचारियों के हितधारक योजनाओं की पुन: बहाली के साथ ही दैनिक मजदूरी पर काम कर रहे कर्मियों को पक्का किया जाए। - डॉ सुशील, पुसा अध्यक्ष उम्मीदवार