चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी के फिजिक्स डिपार्टमेंट ने दो नए एक वर्षीय पीजी डिप्लोमा कोर्स शुरू किए हैं। ये कोर्स हैं एक्सेलेरेटर एंड डिटेक्टर फिजिक्स और ऑप्टोइलेक्ट्रॉनिक डिवाइस फैब्रिकेशन।
दोनों पाठ्यक्रम वैज्ञानिक अनुसंधान और औद्योगिक तकनीकों में रुचि रखने वाले छात्रों के लिए उपयोगी साबित होंगे। पीयू की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार दोनों कोर्सों के लिए कुल 27 सीटें तय की गई हैं, जिनमें 2 एनआरआई और 5 विदेशी छात्रों के लिए आरक्षित हैं। इन कोर्सों में दाखिले के लिए उम्मीदवारों के पास एमएससी (फिजिक्स) की दो वर्षीय डिग्री, बीएससी (ऑनर्स/रिसर्च फिजिक्स) की चार वर्षीय डिग्री या किसी भी ब्रांच में बीई/बीटेक की डिग्री होना जरूरी है। आवेदन की अंतिम तिथि 14 अगस्त 2025 है।
इच्छुक उम्मीदवार आवेदन पत्र भरे हुए आवश्यक दस्तावेजों के साथ फिजिक्स डिपार्टमेंट में खुद जमा कर सकते हैं या ईमेल के जरिए casphypu.ac.in पर भेज सकते हैं। ज्यादा जानकारी के लिए पीयू के फिजिक्स डिपार्टमेंट से संपर्क किया जा सकता है। दोनों पाठ्यक्रम उभरते वैज्ञानिक क्षेत्रों में कौशल विकास का अवसर प्रदान करेंगे और अनुसंधान, तकनीकी संस्थानों व उद्योगों में रोजगार के नए द्वार खोल सकते हैं। इसके लिए विद्यार्थी रुचि दिखा रहे हैं।