चंडीगढ़। एक दुकान पर चाय पी रहे गैस एजेंसी के डिलीवरी बॉय से एक्टिवा सवार दो युवक उसका पर्स छीनकर फरार हो गए। पर्स में दो हजार रुपये की नकदी और जरूरी कागजात थे। इसकी शिकायत सेक्टर-31 थाना पुलिस को दी गई है।
विज्ञापन
शिकायतकर्ता जीरकपुर निवासी नरेश कुमार ने पुलिस को बताया कि वह राम दरबार स्थित गैस एजेंसी में डिलीवरी बॉय का काम करता है। दो जून को वह गाड़ी पर सिलिंडर रखकर डिलीवरी देने के लिए जा रहा था। इस दौरान जब वह रामदरबार स्थित बस स्टैंड के पास चाय पीने लगा तो वहां पर एक्टिवा पर सवार होकर दो आरोपी आए और उसकी शर्ट की जेब से दो हजार रुपये की नकदी और जरूरी कागजात छीनकर फरार हो गए।
दो बदमाशों ने छीने 5 हजार रुपये :
वहीं, मलोया कॉलोनी निवासी शिकायतकर्ता अजय कुमार ने पुलिस को बताया कि वह 22 मई को वह किसी काम से आ रहा था। जैसे ही वह इंडस्ट्रियल एरिया स्थित फेज दो नजदीक पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो मोटरसाइकिल सवार दो बदमाशों ने उसकी जेब से 5 हजार रुपये की नकदी और जरूरी कागजात छीनकर फरार हो गए। इसकी सूचना थाना-31 पुलिस को दी गई है।