मुख्यमंत्री ने की हाई पावर लैंड परचेज कमेटी की अध्यक्षता
5 जिलों में विभिन्न परियोजनाओं के निर्माण के लिए ई-भूमि के माध्यम से खरीदी गई है भूमि
चंडीगढ़। प्रदेश के पांच जिलों की अलग-अलग 6 परियोजनाओं को सिरे चढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है। इन परियोजनाओं के लिए हरियाणा सरकार 96 करोड़ रुपये की लागत से 146 एकड़ भूमि की खरीद की है। यहां मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में हुई हाई पावर लैंड परचेज कमेटी (एचपीएलपीसी) की बैठक में भूमि खरीद को मंजूरी दी गई। ये परियोजनाएं चरखी दादरी, फरीदाबाद, हिसार, जींद और सिरसा से संबंधित हैं। इन सभी जिलों में भू-मालिकों की सहमति से ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से यह जमीन ली गई है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित जिला उपायुक्तों के साथ एचपीएलपीसी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्तों को निर्देश दिए कि एक महीने में इन जमीनों की रजिस्ट्री करवाना सुनिश्चित की जाए और भूमि खरीदने के बाद प्रस्तावित परियोजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए। बैठक में उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला और ऊर्जा मंत्री चौधरी रणजीत सिंह भी उपस्थित रहे। इसके अलावा संबंधित जिलों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रस्तावित सरकारी परियोजनाओं के लिए अपनी जमीन देने पर सहमति जताने वाले भू-मालिकों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
इन जिलों में भूमि खरीद को मंजूरी
जींद में बरोदी, झांजकलां में नहर आधारित जलापूर्ति योजना के निर्माण के लिए 5.39 एकड़ भूमि
सिरसा जिले के रानियां गांव में भी वॉटर वर्क्स के लिए लगभग 35 एकड़ भूमि
हिसार जिला में ओपी जिंदल नलवा डिस्ट्रीब्यूटरी के विस्तार के लिए 4 एकड़ भूमि
चरखी दादरी में जिला जेल के निर्माण के लिए गांव भैरवी में लगभग 98 एकड़ जमीन
फरीदाबाद में दिल्ली–मथुरा रोड से मुजेसर तक रेलवे लाइन क्रॉसिंग पर आरयूबी के निर्माण के लिए लगभग 1 एकड़ भूमि
हिसार में बास टाउन में बने वॉटर वर्क्स को अपग्रेड करने के लिए को एसटीपी बनाने के लिए 5.12 एकड़ भूमि